



पहचान की राजनीति से झारखंड की सामाजिक एकता खतरे में
डीजे न्यूज, रांची : भाकपा (माकपा) झारखंड राज्य कमिटी की बैठक रांची में सम्पन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता सुरजीत सिन्हा ने की। बैठक में आदिवासी और कुर्मी/कुड़मी समुदायों के बीच पहचान की राजनीति के जरिए पैदा किए जा रहे विभाजन पर गहरी चिंता जताई गई। पार्टी ने कहा कि यह साजिश झारखंड की सामाजिक एकता, साझा संस्कृति और विकास की भावना पर गंभीर प्रहार है।
राज्य सचिव प्रकाश विप्लव ने कहा कि इस विभाजनकारी राजनीति का उद्देश्य जनता को बाँटकर उनके वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाना है। माकपा ने घोषणा की कि किसानों, मजदूरों, युवाओं और आम जनता की एकजुटता को बनाए रखने के लिए पार्टी राज्यव्यापी जन-अभियान चलाएगी।
माकपा बोली— झारखंड को तोड़ने की कोशिश नाकाम होगी
बैठक में इस बात का स्वागत किया गया कि दोनों समुदायों के भीतर बड़ी संख्या में लोग इस विभाजनकारी राजनीति के खिलाफ हैं। माकपा ने कहा कि इन प्रगतिशील लोगों के साथ संवाद बढ़ाया जाएगा और दोनों समुदायों के बीच आपसी सहयोग एवं एकजुटता को मजबूत किया जाएगा।
स्वास्थ्य और जनसेवा पर हमला बताया गया
बैठक में झारखंड सरकार द्वारा छह जिला अस्पतालों को पीपीपी मोड में देने के फैसले की निंदा की गई। माकपा ने कहा कि यह कदम गरीब तबकों को स्वास्थ्य सुविधा से वंचित करेगा और सरकारी व्यवस्था को कमजोर करेगा। पार्टी ने सरकारी ब्लड बैंक की दुर्दशा पर भी चिंता जताई और तत्काल सुधार की मांग की।
खनन प्रभावित इलाकों में आंदोलन की तैयारी
संताल परगना और कोल्हान क्षेत्र में खनन गतिविधियों से उत्पन्न प्रदूषण, सड़क दुर्घटनाओं और कृषि भूमि के नष्ट होने पर विस्तृत चर्चा की गई। माकपा ने कहा कि जल्द ही प्रभावित इलाकों का सर्वेक्षण कर मांग पत्र तैयार किया जाएगा और उसके आधार पर जन-आंदोलन शुरू किया जाएगा।
राजस्व विभाग में बढ़ते भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष
राज्य कमिटी ने यह भी निर्णय लिया कि अंचल कार्यालयों में लंबित म्यूटेशन आवेदनों, गैर-मजरुआ भूमि की रसीद निर्गत करने और भ्रष्टाचार के खिलाफ एक राज्यव्यापी धरना-प्रदर्शन अभियान चलाया जाएगा।
केरल मॉडल को बताया जनकल्याण का उदाहरण
बैठक में केरल की वाम-जनवादी मोर्चा सरकार द्वारा राज्य को अत्यंत गरीबी से मुक्त करने की ऐतिहासिक उपलब्धि का स्वागत किया गया। पार्टी ने कहा कि केरल मॉडल देश के लिए जनता-केंद्रित शासन का प्रेरणास्रोत है।
7 से 15 नवंबर तक चलेगा जन-अभियान
माकपा ने निर्णय लिया कि 7 नवंबर (समाजवादी क्रांति दिवस) से 15 नवंबर (झारखंड स्थापना दिवस) तक राज्यभर में “जनता की एकता और विकास के लिए केरल मॉडल” विषय पर अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में सभाएँ, गोष्ठियाँ और सेमिनार आयोजित किए जाएँगे।
बैठक की अध्यक्षता सुरजीत सिन्हा ने की तथा संचालन प्रकाश विप्लव, राज्य सचिव माकपा झारखंड ने किया।
