
पेयजल व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों का तुरंत करें समाधान : नमन प्रियेश लकड़ा
जल संकट से निपटने को प्रशासन सतर्क
डीजे न्यूज, गिरिडीह : भीषण गर्मी और संभावित जल संकट को देखते हुए गिरिडीह उपायुक्त श्री नमन प्रियेश लकड़ा ने समाहरणालय सभागार में पेयजल आपूर्ति विभाग की योजनाओं की गहन समीक्षा की। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की स्थिति पर विशेष नजर रखी जाए और जहां भी समस्या हो, उसका त्वरित समाधान किया जाए।
बैठक में उपायुक्त ने आंगनबाड़ी केंद्रों में खराब चापाकलों की मरम्मती और नये चापाकलों की अधिष्ठापन पर जोर दिया। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि सभी जलमीनारों की स्थिति की जांच कर उन्हें पूरी तरह दुरुस्त रखा जाए ताकि गर्मी में किसी भी नागरिक को पानी की किल्लत न झेलनी पड़े। समीक्षा के दौरान जल संरक्षण, भूजल स्तर के प्रबंधन और वैकल्पिक स्रोतों के उपयोग पर भी विस्तृत चर्चा हुई। उपायुक्त ने अधिकारियों को चेताया कि लापरवाही किसी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पेयजल व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों का तुरंत समाधान किया जाना चाहिए। बैठक में उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, उप नगर आयुक्त, भूमि सुधार उप समाहर्ता, कार्यपालक अभियंता (पेयजल एवं स्वच्छता), सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, नगर पंचायतों के पदाधिकारी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।