पीरटांड़ में स्वास्थ्य कर्मियों की हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं ठप, मरीजों को भारी परेशानी

Advertisements

पीरटांड़ में स्वास्थ्य कर्मियों की हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाएं ठप, मरीजों को भारी परेशानी

डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) :

पीरटांड़ प्रखंड में आउटसोर्सिंग स्वास्थ्य कर्मियों सहित जिले के सभी कर्मी अपनी सात सूत्री मांगों को लेकर कल से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। शनिवार को पीरटांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में कर्मी धरना पर बैठे नजर आए। इस हड़ताल का सीधा असर पीरटांड़ सीएचसी समेत प्रखंड के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में देखने को मिल रहा है।

इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके स्वजनों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हड़ताल के कारण अस्पताल परिसरों में साफ-सफाई पूरी तरह ठप हो गई है, वहीं 108 एम्बुलेंस सेवा भी बुरी तरह प्रभावित है। मरीजों को समय पर इलाज और आवश्यक सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं, जिससे स्थिति दिन-ब-दिन चिंताजनक होती जा रही है।

इसी कड़ी में खुखरा, जहाजपुर निवासी रितेश कोल्ह, पिता घनश्याम कोल्ह, की तबीयत अचानक बिगड़ने पर परिजन उन्हें सीएचसी पीरटांड लेकर पहुंचे। प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर कर दिया। हालांकि, रेफर के बाद मरीज के स्वजन घंटों तक 108 एम्बुलेंस सेवा का इंतजार करते रहे, लेकिन कॉल तक नहीं लग पाया। मजबूरी में परिजनों को निजी वाहन की व्यवस्था कर मरीज को सदर अस्पताल ले जाना पड़ा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय पर एम्बुलेंस मिल जाती, तो मरीज को अनावश्यक जोखिम से बचाया जा सकता था। हड़ताल के चलते आम जनता, खासकर गरीब और ग्रामीण मरीजों को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ रहा है।

वहीं, संघ के राजेश महतो ने बताया कि वे कई दिनों से हड़ताल पर हैं, लेकिन उनकी मांगों पर सरकार विचार नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा।

लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि कर्मियों की मांगों पर जल्द निर्णय लेकर हड़ताल समाप्त कराई जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं फिर से सुचारू रूप से बहाल हो सकें और मरीजों को राहत मिल सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top