पीरटांड़ में सरवाइकल कैंसर रोकथाम को लेकर मंथन, 30 मार्च से विशेष टीकाकरण अभियान

Advertisements

पीरटांड़ में सरवाइकल कैंसर रोकथाम को लेकर मंथन, 30 मार्च से विशेष टीकाकरण अभियान

डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : प्रखंड कार्यालय में शनिवार को बीडीओ की अध्यक्षता में सरवाइकल कैंसर (बच्चादानी कैंसर) से बचाव को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रखंड स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि 30 मार्च 2026 से 29 जून 2026 तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पीरटांड़ में विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकीं तथा 15 वर्ष से कम आयु की सभी किशोरियों को निःशुल्क टीका लगाया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा जानकारी दी गई कि टीकाकरण की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। इसके लिए अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपनी बच्चियों को निर्धारित अवधि में सीएचसी पीरटांड़ अवश्य लेकर पहुंचें। साथ ही, पंजीकरण में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए मोबाइल फोन एवं आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य बताया गया है।

बीडीओ ने बैठक में उपस्थित सभी संबंधित कर्मियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि अधिक से अधिक लाभुक इस अभियान से जुड़ सकें और सरवाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।

बैठक में बीडीओ मनोज कुमार मरांडी, शिक्षा विभाग के बीपीओ बेसिल मरांडी, चिकित्सा प्रभारी डॉ. शशिकांत, बीपीएम सरिता कुमारी सहित अन्य कर्मी उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top