पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए सभी स्टेकहोल्डर्स मिलकर करें काम : प्रधान जिला जज

Advertisements

पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए सभी स्टेकहोल्डर्स मिलकर करें काम : प्रधान जिला जज

पीड़ितों को सुलभ और त्वरित न्याय के लिए करें काम : रामनिवास यादव 

गिरिडीह में पॉक्सो एक्ट और सड़क दुर्घटना मामलों पर वर्कशॉप आयोजित

डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गिरिडीह की ओर से रविवार को व्यवहार न्यायालय परिसर में पॉक्सो एक्ट 2012 एवं मोटर वाहन दुर्घटना वाद पर सभी संबंधित स्टेकहोल्डर्स के लिए वर्कशॉप आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम झालसा, रांची के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह श्री मार्तंड प्रताप मिश्रा के मार्गदर्शन में हुआ।

कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्वलित कर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष मार्तंड प्रताप मिश्रा, उपायुक्त सह उपाध्यक्ष रामनिवास यादव, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय धनंजय कुमार, जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश प्रथम मनोज कुमार झा, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार एवं जिला अधिवक्ता संघ के सचिव चुन्नूकांत ने संयुक्त रूप से किया।

इस मौके पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन करने से पॉक्सो और मोटर वाहन दुर्घटना मामलों में पीड़ितों को त्वरित और प्रभावी न्याय मिल सकता है। उन्होंने सभी स्टेकहोल्डर्स से इन मामलों में संवेदनशीलता और समयबद्धता बरतने की अपील की।

उपायुक्त सह उपाध्यक्ष रामनिवास यादव ने कहा कि यह वर्कशॉप पुलिस अधिकारियों, चिकित्सकों और अधिवक्ताओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने तकनीकी सत्र में बताए जा रहे निर्देशों को अमल में लाने पर बल दिया, ताकि पीड़ितों को सुलभ और त्वरित न्याय मिल सके। वहीं पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने पॉक्सो और सड़क दुर्घटना मामलों में पुलिस और चिकित्सकों की जिम्मेदारियों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संवेदनशील व्यवहार और कानूनी प्रावधानों की समझ से जांच और न्याय की प्रक्रिया बेहतर हो सकती है। जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश नवम राजेश कुमार बग्गा और चतुर्थ हरिओम कुमार ने सड़क दुर्घटना मामलों में न्यायिक अधिकारियों, पुलिस, बीमा कंपनियों की भूमिका पर विस्तार से बताया। पुलिस उपाधीक्षक मो. कौसर अली ने हिट एंड रन मामलों में परिवहन विभाग से मिलने वाले मुआवजे और जांच प्रक्रिया की जानकारी दी। जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश दशम विशाल कुमार और न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी सुश्री रीमा कुमारी ने पॉक्सो मामलों में पदाधिकारियों की भूमिका और पीड़ितों के प्रति संवेदनशील व्यवहार के महत्व पर चर्चा की।

जिला अधिवक्ता संघ के सचिव चुन्नूकांत ने वर्कशॉप के आयोजन के लिए जिला जज एवं सचिव, विधिक सेवा प्राधिकार को धन्यवाद दिया और अधिवक्ताओं से कानूनी प्रावधानों की गहन समझ विकसित करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर न्यायिक पदाधिकारीगण, कार्यपालक पदाधिकारी, विभिन्न थानों के पुलिस पदाधिकारी, मध्यस्थगण, लोक अभियोजक, लीगल एड डिफेंस काउंसिल, जिला अधिवक्ता संघ के सदस्य एवं न्यायालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top