



पाथरडीह में मांस और मिठाई की दुकानों में छापेमारी, कागजात न मिलने पर वसूला जुर्माना
डीजे न्यूज, धनबाद: नगर निगम की टीम ने शुक्रवार को पाथरडीह लोको बाजार में होटल, मटन-चिकन की दुकान और मिठाई ठेलों पर छापामारी की।
फूड इंस्पेक्टर पूनम ज्योति और पशु चिकित्सा पदाधिकारी दीपांजली मरांडी के नेतृत्व में यह छापेमारी की गई। टीम ने पाथरडीह लोको बाजार की गलियों में घूम-घूम कर खाने-पीने के सामानों की गुणवत्ता की बारीकी से जांच की। इस दौरान केवल खाने के सामान ही नहीं, बल्कि दुकानों के कानूनी कागजात जैसे होल्डिंग टैक्स और कमर्शियल लाइसेंस की भी जांच की।
जांच के दौरान जिन दुकानों के कागजात सही नहीं पाए गए, उन पर 1500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं, एक मुर्गा फार्म संचालक टीम को देखते ही दुकान खुली छोड़कर भाग खड़ा हुआ, जिसके खिलाफ अब निगम द्वारा नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
निगम अधिकारियों ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी है कि किसी भी हाल में खाने-पीने की चीजों को खुला न रखें। खासकर मटन और चिकन की दुकानों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है ताकि किसी भी तरह के संक्रमण या वायरस का खतरा न रहे। अधिकारियों ने साफ कहा कि इस बार कई दुकानदारों को चेतावनी देकर छोड़ा जा रहा है, लेकिन अगली बार गड़बड़ी मिलने पर सीधे लाइसेंस रद्द कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फूड इंस्पेक्टर पूनम ज्योति ने कहा कि लोको बाजार में मटन, चिकन और मिठाई दुकानों की जांच की है। मुख्य उद्देश्य साफ-सफाई और लाइसेंस की जांच करना है। खुले में मांस बेचना प्रतिबंधित है। जिन लोगों के पास कागजात नहीं हैं, उन्हें चेतावनी दी गई है और जुर्माना भी वसूला गया है।



