पाथरबंगला में ट्रांसफार्मर चोरी की कोशिश, ग्रामीणों के हल्ला पर भागे अपराधी, फायरिंग की भी चर्चा
डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के पाथरबंगला में मंगलवार की रात स्थानीय लोगों की सतर्कता से ट्रांसफार्मर चोरी की कोशिश नाकाम हो गई।बताया जाता है कि बस्ती में लगे 5 केवीए के ट्रांसफार्मर को चोरी करने के इरादे से अपराधियों का एक दल वहां पहुंचा था। इसी दौरान अचानक तेज आवाज होने पर आसपास के लोग जग गए और शोर मचाते हुए अपराधियों का पीछा किया, जिसके बाद अपराधी भाग खड़े हुए।स्थानीय लोगों के अनुसार भागते समय अपराधियों द्वारा एक हवाई फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस ने हवाई फायरिंग की घटना की पुष्टि नहीं की है।घटना के बाद से बस्ती के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार लोहा चोरी करने वाले गिरोह सक्रिय हैं और आए दिन चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि पाथरबंगला बस्ती का क्षेत्र बोरागढ़ और जोड़ापोखर थाना क्षेत्र की सीमा में आने के कारण पुलिस को सूचना देने के बाद भी दोनों थाना क्षेत्राधिकार का हवाला देकर एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल देते हैं।स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।