
पंचायती राज व्यवस्था से ग्रामीण विकास को मिलेगी गति : मनोज मरांडी
डीजे न्यूज, पीरटांड़,गिरिडीह : राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर गुरुवार को पीरटांड़ प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार में एक कार्यक्रम आयोजित कर पंचायती राज दिवस मनाया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव अभिभाषण भी दिखाया गया, जिसे प्रखंड के अधिकारियों और कर्मियों ने ध्यानपूर्वक सुना।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीरटांड़ बीडीओ मनोज मरांडी ने पंचायती राज व्यवस्था के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था के माध्यम से गांवों में विकास योजनाओं का क्रियान्वयन अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकता है। बीडीओ ने पंचायत स्तर पर संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए कर्मियों को निर्देश दिया कि वे योजनाओं को पारदर्शिता और सुगमता से लागू करें।
उन्होंने कहा कि पंचायती राज केवल प्रशासनिक ढांचा नहीं, बल्कि यह ग्रामीण जनता की भागीदारी से जुड़ा सशक्त माध्यम है। इस प्रणाली के जरिए न केवल गांवों में विकास कार्यों को गति मिलती है, बल्कि आम जन के जीवन स्तर में भी सुधार आता है। बीडीओ ने सभी प्रखंड कर्मियों से आग्रह किया कि वे अपने कर्तव्यों का निष्ठा पूर्वक पालन करें और पंचायती राज व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाएं।
कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं को जमीनी स्तर पर लागू कर विकास को साकार करना था। इस दौरान प्रखंड के सभी विभागों के कर्मी मौजूद रहे और पंचायती राज व्यवस्था की मजबूती के लिए अपने विचार साझा किए।