
पालगंज में श्रद्धा-भक्ति के साथ की गई भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा की स्नान यात्रा
पालगंज के प्राचीन श्री जगन्नाथ मंदिर में 27 जून को निकलेगी भव्य रथ यात्रा
डीजे न्यूज,पीरटांड़(गिरिडीह) : पीरटांड़ थाना क्षेत्र के पालगंज स्थित अति प्राचीन श्री जगन्नाथ मंदिर में बुधवार को देवस्नान पूर्णिमा के पावन अवसर पर भगवान जगन्नाथ स्वामी, बलभद्र और देवी सुभद्रा की स्नान यात्रा का आयोजन पूरे विधि-विधान एवं श्रद्धा-भक्ति के साथ किया गया।
इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर भक्तों से गुलजार रहा। पूजारी श्वेतांक उपाध्याय ने बताया कि देवस्नान पूर्णिमा के बाद भगवान एकांतवास (अनवसरा) में चले जाएंगे और आषाढ़ शुक्ल प्रतिपदा तक मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेंगे। इस अवधि के बाद पुनः भगवान के दिव्य दर्शन संभव होंगे।
पुजारी ने आगे बताया कि 27 जून को श्रीजगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। भगवान जगन्नाथ, देवी सुभद्रा और बलभद्र जी की रथ यात्रा पारंपरिक ढंग से निकाली जाएगी, जिसमें भक्तजन मौसी बाड़ी तक रथ को खींचते हुए कीर्तन और जयघोष के साथ आगे बढ़ेंगे।
इस धार्मिक आयोजन में बिमल उपाध्याय, बासुकीनाथ उपाध्याय, मुरारी प्रसाद सिन्हा, राम किंकर उपाध्याय, आलोक उपाध्याय, रूपेश बक्सी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे। सभी ने भगवान जगन्नाथ के पवित्र स्नान-दर्शन कर लोककल्याण और सुख-शांति की कामना की।
श्रीजगन्नाथ मंदिर समिति द्वारा रथ यात्रा की तैयारियां जोरों पर हैं और आयोजन को भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप देने की योजना बनाई जा रही है।