
ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी ने दी बधाई, सेना के पराक्रम को किया सलाम
डीजे न्यूज, रांची : राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (रालोजपा) के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार राज ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जल, थल एवं वायु सेना को “ऑपरेशन सिंदूर” की सफलता पर हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने एक बार फिर अपने अद्वितीय पराक्रम से दुनिया में देश का मान बढ़ाया है। श्री राज ने सेना को सैल्यूट करते हुए कहा कि हमारी सेना निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है, जिससे सम्पूर्ण भारत गर्व महसूस कर रहा है।
श्री राज ने कहा कि आज पूरा देश भारतीय सेना के साथ खड़ा है। उन्होंने यह भी कहा कि इस ऐतिहासिक अवसर पर सभी राजनीतिक दलों का सरकार के साथ खड़ा होना यह दर्शाता है कि भारत वास्तव में “अनेकता में एकता” का जीता-जागता उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि देश की जनता आज सुरक्षित और चैन की नींद इसलिए सो रही है क्योंकि हमारी सेना सीमाओं पर अडिग खड़ी है और पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दे रही है। उन्होंने कहा कि रालोजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व और भारतीय सेना की वीरता को सलाम करती है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज देश का हर नागरिक राष्ट्र के लिए समर्पित है। सभी जाति और धर्म के लोग एकजुट होकर भारत की संप्रभुता का परिचय दे रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत की सेना और केंद्र सरकार न केवल पाकिस्तान को करारा जवाब देगी, बल्कि पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) पर भी पूर्ण नियंत्रण स्थापित करेगी।
राजकुमार राज ने यह भी कहा कि भारत की इस आक्रामक कार्रवाई से वैश्विक स्तर पर आतंकवाद को बड़ा झटका लगा है। अब कोई भी आतंकी संगठन या आतंकी पनाह देने वाला देश भारत की ओर आंख उठाकर देखने की हिम्मत नहीं करेगा।