

ऑल इंडिया टीचर फेडरेशन में झारखंड का परचम लहराया
राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का जलवा -राममूर्ति ठाकुर बने महासचिव, अनूप केशरी उपाध्यक्ष
अजप्टा नेताओं का पलामू में भव्य स्वागत, शिक्षकों में खुशी की लहर
डीजे न्यूज, धनबाद : झारखंड के शिक्षकों के लिए गर्व का क्षण है। राजधानी दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय बैठक में अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ (अजप्टा) के दो शीर्ष नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे न केवल संगठन की प्रतिष्ठा बढ़ी है, बल्कि राज्य के हजारों शिक्षकों में नई उम्मीदों का संचार हुआ है।
दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में पांच अक्टूबर को आयोजित ऑल इंडिया टीचर फेडरेशन की राष्ट्रीय बैठक में झारखंड के अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ (अजप्टा) के प्रदेश महासचिव राममूर्ति ठाकुर को राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश अध्यक्षअनूप कुमार केशरी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। इन दोनों शिक्षकों के चयन के बाद झारखंड में उत्साह की लहर दौड़ गई है। शिक्षकों का मानना है कि अब झारखंड के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर अधिक प्रभावी ढंग से रखा जा सकेगा। यह जानकारी धनबाद जिला अजप्टा के नेता राजकुमार वर्मा ने दी है।
पलामू में हुआ भव्य स्वागत, शिक्षकों में खुशी की लहर
दिल्ली से झारखंड लौटने के क्रम में पलामू जिले के डाल्टेनगंज रेलवे स्टेशन पर अजप्टा के पदाधिकारियों व शिक्षकों ने माला पहनाकर दोनों नेताओं का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर शिक्षकों ने कहा कि झारखंड से राष्ट्रीय महासचिव और उपाध्यक्ष पद पर चयन संगठन के लिए गौरव की बात है।
अजप्टा की धनबाद इकाई ने भी दोनों नेताओं को बधाई दी है और उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में झारखंड के शिक्षकों की समस्याओं का समाधान राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से किया जाएगा।
