
नशा मुक्ति के लिए मानव श्रृंखला बना लोगों को किया जागरूक
डीजे न्यूज, धनबाद:
नशा मुक्त समाज की ओर एक मजबूत कदम बढ़ाते हुए गुरुवार को नगर निगम धनबाद द्वारा नशा उन्मूलन के प्रति जन जागरूकता फैलाने हेतु एक विशाल मानव श्रृंखला का आयोजन धनबाद अंचल स्थित बिरसा मुंडा पार्क एवं सिंदरी आंचल स्थित बिरसा पार्क में किया गया। उक्त कार्यक्रम में सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक स्वच्छता पर्यवेक्षक , स्वयंसेवियों, सीआरपी, महिलाओं एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस मानव श्रृंखला का उद्देश्य समाज में बढ़ रही नशाखोरी की प्रवृत्ति के खिलाफ सामूहिक स्वरूप में विरोध जताना तथा आमजन को इसके दुष्परिणामों से अवगत कराना था। इस क्रम में अधिकारियों ने यह बताया नशा समाज को भीतर से खोखला करता है। इससे न केवल व्यक्ति बल्कि पूरा परिवार प्रभावित होता है। आज का यह आयोजन इसी दिशा में एक जनांदोलन का रूप ले रहा है, जिसमें हर नागरिक की भागीदारी आवश्यक है।
मानव श्रृंखला में प्रतिभागियों ने “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” जैसे नारों के साथ जनमानस को जागरूक करने का कार्य किया।
नगर निगम धनबाद ने यह भी संकल्प लिया कि आने वाले समय में नशा उन्मूलन हेतु निरंतर रैलियों, नुक्कड़ नाटकों एवं कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा, ताकि जन-जागरूकता को सतत बनाए रखा जा सके।