



निकाय चुनाव टालकर जनता को संवैधानिक अधिकारों से वंचित कर रही सरकार : रविन्द्र राय

सरिया नगरपंचायत कार्यालय में भाजपा ने दिया धरना,
नगर निकाय चुनाव शीघ्र और दलीय आधार पर कराने की मांग
डीजे न्यूज, सरिया, गिरिडीह : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार बुधवार को सरिया नगर पंचायत कार्यालय परिसर में झारखंड में नगर निकायों एवं नगर पंचायतों के चुनाव दलीय आधार पर ईवीएम के माध्यम से शीघ्र कराए जाने की मांग को लेकर धरना–प्रदर्शन का आयोजन किया गया। धरना में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी शामिल हुए। धरना–प्रदर्शन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व सांसद डॉ. रविन्द्र कुमार राय थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता मनीष मंडल व संचालन हेमलाल उर्फ छोटू मंडल ने किया।धरना को संबोधित करते हुए डॉ. रविन्द्र कुमार राय ने कहा कि झारखंड में नगर निकाय एवं नगर पंचायत चुनाव लंबे समय से लंबित हैं, जिससे स्थानीय लोकतंत्र कमजोर हुआ है। उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव टालकर जनता को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। भाजपा लोकतंत्र की मजबूती के लिए दलीय आधार पर ईवीएम के माध्यम से शीघ्र चुनाव कराने की मांग करती है।
उन्होंने कहा कि नगर निकाय चुनाव नहीं होने से विकास कार्य बाधित हैं और जनता को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है। भाजपा कार्यकर्ता लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेंगे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अन्य वक्ताओं ने भी राज्य सरकार की चुनावी उदासीनता की आलोचना की और अविलंब नगर निकाय चुनाव कराने की मांग दोहराई। धरना -प्रदर्शन में रजनी कौर, पूर्व प्रमुख रामपति प्रसाद, सांसद प्रतिनिधि बिनोद यादव, महेश मिश्रा, रबि महतो, बबलू मंडल, परमेश्वर मोदी, हरिहर मंडल, सचिन्द्र सिंह, अवधकिशोर पाण्डेय, नकुल मंडल, निर्मल भारती, लक्ष्मण दास, भेखलाल मंडल एवं गोपाल यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।



