



निगम क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ चला अभियान

1077 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त, 12550 रुपये जुर्माना वसूला
डीजे न्यूज, धनबाद: नगर निगम क्षेत्र में सिंगल यूज प्लास्टिक एवं 120 माइक्रोन से कम मोटाई वाले प्लास्टिक कैरी बैग के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने हेतु निगम प्रशासन ने मंगलवार को एक विशेष अभियान चलाया। यह कार्रवाई राज्य शहरी विकास अभिकरण, नगर विकास एवं आवास विभाग, झारखंड सरकार से प्राप्त निर्देशों के आलोक में की गई।
पांचों अंचलों के लिए टीम गठित
कतरास, छाताताड़, धनबाद, झरिया और सिंदरी अंचल के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है, जिनमें संबंधित अंचल के सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक, राजस्व निरीक्षक, स्वच्छता निरीक्षक एवं अन्य निगम कर्मियों को नामित किया गया है
इन टीमों को अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों, हाटों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में छापेमारी कर प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक एवं 120 माइक्रोन से कम प्लास्टिक कैरी बैग की जांच, जब्ती और चालान कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
व्यापक छापेमारी का निर्देश
अभियान के क्रम में कुल 1077 किलोग्राम प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया गया तथा 12550 रुपये की राशि वसूली गई और उल्लंघनकर्ताओं को चेतावनी दी गई ।
धनबाद नगर निगम के अधिकारियों द्वारा स्पष्ट किया है कि प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट नियमों के अनुसार प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग पूर्णतः वर्जित है। नियमित छापेमारी एवं कठोर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
नगर आयुक्त रविराज शर्मा द्वारा धनबाद के नागरिकों एवं दुकानदारों से अपील की है कि वे प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का उपयोग एवं भंडारण तुरंत बंद कर दें और कपड़े, कागज जैसे पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाएँ। साथ ही चेतावनी दी गई है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
