



निगम को पारदर्शी, जवाबदेह और जनकल्याणकारी बनाना प्राथमिकता: संजीव सिंह

डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद): झरिया स्थित बिहार बिल्डिंग कार्यालय में जनता श्रमिक संघ एवं जनता मजदूर संघ की बैठक शुक्रवार को आयोजित की गई।
बैठक का नेतृत्व संगठन के महामंत्री सिद्धार्थ गौतम ने किया। इस अवसर पर संगठन से जुड़े पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक व महापौर प्रत्याशी संजीव सिंह को फूलों का गुलदस्ता भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया।
बैठक को संबोधित करते हुए जनता मजदूर संघ के महामंत्री सिद्धार्थ गौतम ने कहा कि संजीव सिंह ने हमेशा श्रमिकों और मजदूरों के हक़ की लड़ाई मजबूती से लड़ी है। उनके नेतृत्व में नगर निगम क्षेत्र में मज़दूरों के हित सुरक्षित होंगे। हमारा पूरा संगठन एकजुट होकर उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने के लिए पूरी ताक़त से काम करेगा।
वहीं पूर्व विधायक व महापौर प्रत्याशी संजीव सिंह ने संगठन के समर्थन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्रमिक और मजदूर समाज की रीढ़ हैं। उनके विश्वास और समर्थन को कभी टूटने नहीं दूँगा। यदि जनता का आशीर्वाद मिला तो नगर निगम को पारदर्शी, जवाबदेह और जनकल्याणकारी संस्था के रूप में विकसित करना मेरी प्राथमिकता होगी।
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि पूरा संगठन एकजुट होकर महापौर प्रत्याशी संजीव सिंह को भारी मतों से विजयी बनाने हेतु सक्रिय भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर संगठन के संतोष सिंह, प्रदीप कुमार सिन्हा, गोपाल मिश्रा, मुद्रिका पासवान, शफ़ीर ख़ान, रंजय कुमार, संजीत सिंह, संतोष महतो, रुद्र प्रताप सिंह, कमलेश पासवान उपस्थित रहे।




