



नहीं रहे सीपीआई (एम) के राज्य सचिवमंडल सदस्य संतोष घोष
डीवीसी अस्पताल मैथन में ली अंतिम सांस, अश्रुपूरित आंखों से दी गई अंतिम विदाई, पार्टी दफ्तरों पर लाल झंडा झुका
डीजे न्यूज, धनबाद/रांची : सीपीआई (एम) के राज्य सचिवमंडल सदस्य और पार्टी के धनबाद जिला सचिव कामरेड संतोष कुमार घोष का बुधवार को दोपहर करीब सवा बारह बजे मैथन अस्पताल में निधन हो गया। वे 70 वर्ष के थे।
भारतीय सेना से अवकाश प्राप्त करने के बाद उन्होंने दामोदर वैली निगम (DVC,मैथन में सुरक्षा अधिकारी के रूप में कार्य किया। इसी दौरान वे ट्रेड यूनियन आंदोलन से जुड़े और धीरे-धीरे संगठनात्मक भूमिका में सक्रिय होते चले गए। वे डीवीसी श्रमिक यूनियन के पदाधिकारी भी रहे। इसके बाद उन्होंने सीपीआई (एम) की सदस्यता ली और मैथन क्षेत्र में एक प्रतिबद्ध कम्युनिस्ट नेता के रूप में पहचान बनाई। संतोष घोष की अद्भुत संगठन क्षमता, अनुशासन और पार्टी के प्रति समर्पण आज भी कार्यकर्ताओं के लिए एक उदाहरण है। उन्होंने धनबाद जिले में पार्टी के विस्तार के लिए महत्त्वपूर्ण कार्य किया। पिछले 4 वर्षों से वे धनबाद जिला सचिव के रूप में जिम्मेदारी निभा रहे थे। पिछले 7 वर्षों से वे पार्टी की राज्य कमिटी में सक्रिय थे तथा इस वर्ष उन्हें राज्य सचिवमंडल के लिए निर्वाचित किया गया था। उनके निधन से पार्टी को अपूरणीय क्षति हुई है। उनके निधन की खबर से पूरी पार्टी कतारों में शोक की लहर दौड़ गई। उनके सम्मान में झारखंड के सभी पार्टी कार्यालयों में लाल झंडा झुका दिया गया। सीपीआई (एम) राज्य सचिवमंडल ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उनकी पत्नी, दोनों बेटे अंशुमान घोष और कौशिक घोष, पुत्री एवं परिवार के अन्य सदस्यों के प्रति संवेदना व्यक्त की। साथ ही पार्टी की धनबाद जिला कमिटी को भी शोक संदेश प्रेषित किया गया। उनकी शवयात्रा में बड़ी संख्या में डीवीसी मजदूरों के साथ-साथ पार्टी के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस अवसर पर राज्य सचिव प्रकाश विप्लव, सचिव मंडल सदस्य समीर दास और सुरजीत सिन्हा, इसके अलावा अमल आजाद, विरेन्द्र कुमार, रामचंद्र ठाकुर, सुंदर लाल महतो, रामकृष्ण पासवान, शिव बालक पासवान, माया लायक, सुमना लाहिड़ी, गोपीकांत बक्शी, भागीरथ शर्मा, गणेश धर, आर. के. गोराई, प्रदीप विश्वास और प्रभु लाल समेत पार्टी के अनेक नेता मौजूद रहे। अंत में राज्य सचिव प्रकाश विप्लव ने कहा-कामरेड एसके घोष को लाल सलाम।

