

























































नगरपालिका चुनाव की अधिसूचना जारी, 29 जनवरी से नामांकन प्रक्रिया होगी शुरू

डीजे न्यूज, गिरिडीह : नगरपालिका आम चुनाव-2026 को लेकर जिले में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। समाहरणालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी चुनाव कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।
उपायुक्त ने बताया कि प्रपत्र-5 में निर्वाचन की अधिसूचना का प्रकाशन 28 जनवरी को पूर्वाह्न 11 बजे किया जाएगा। इसके तहत नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 29 जनवरी से 4 फरवरी तक चलेगी। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 5 फरवरी को होगी, जबकि अभ्यर्थिता वापसी की अंतिम तिथि 6 फरवरी तथा चुनाव चिन्हों का आवंटन 7 फरवरी को किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर मतदान 23 फरवरी को सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक तथा मतगणना 27 फरवरी को सुबह 8 बजे से कराई जाएगी।
नामांकन को लेकर विभिन्न पदों के लिए अलग-अलग कार्यालय निर्धारित किए गए हैं। गिरिडीह नगर निगम के महापौर पद के लिए अपर समाहर्ता कार्यालय, बड़की सरैया नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए अनुमंडल कार्यालय बगोदर-सरिया तथा धनवार नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भूमि सुधार उप समाहर्ता कार्यालय में नामांकन लिया जाएगा। वहीं गिरिडीह नगर निगम के वार्ड पार्षद (वार्ड 1 से 36) के लिए प्रखंड कार्यालय गिरिडीह एवं प्रखंड सह अंचल कार्यालय में नामांकन होगा। बड़की सरैया नगर पंचायत (वार्ड 7 से 12) के लिए सरिया प्रखंड कार्यालय तथा धनवार नगर पंचायत (वार्ड 1 से 11) के लिए प्रखंड सह अंचल कार्यालय धनवार को नामांकन स्थल बनाया गया है।
जिले में कुल 59 वार्ड हैं, जहां 1,77,824 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 75,266 पुरुष एवं 75,725 महिला मतदाता शामिल हैं। कुल 166 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र में 36 वार्ड, 1,50,932 मतदाता और 137 मतदान केंद्र हैं, जबकि बड़की सरैया में 12 वार्ड, 14,436 मतदाता और 15 मतदान केंद्र तथा धनवार नगर पंचायत में 11 वार्ड, 12,396 मतदाता एवं 14 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। महापौर पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है, जबकि अन्य अध्यक्ष पद अनारक्षित रहेंगे।
उपायुक्त ने सभी इच्छुक अभ्यर्थियों से आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित समयसीमा में नामांकन दाखिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, डीआरडीए निदेशक, उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला नजारत उप समाहर्ता एवं जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।



