
























































नगर निकाय क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू, धरना-जुलूस पर प्रतिबंध

पूरे नगर निकाय चुनाव के लिए जिला स्तर से फोर्स की व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी : उपायुक्त रामनिवास यादव
डीजे न्यूज, गिरिडीह : नगरपालिका आम चुनाव 2026 को लेकर मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। प्रेस वार्ता के दौरान उपायुक्त रामनिवास यादव ने राज्य निर्वाचन आयोग, झारखंड द्वारा नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 की निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित जारी कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों को दी। उपायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, झारखंड द्वारा नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 की निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार प्रपत्र–5 में निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन दिनांक 28 जनवरी 2026 (बुधवार) को पूर्वाह्न 11:00 बजे किया जाएगा। नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने की तिथि दिनांक 29 जनवरी 2026 से 04 फरवरी 2026 तक निर्धारित की गई है।
नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा 05 फरवरी 2026, अभ्यर्थिता वापस लेने की तिथि 06 फरवरी 2026 तथा निर्वाचन प्रतीक आवंटन 07 फरवरी 2026 को किया जाएगा।
उपायुक्त ने आगे बताया कि यदि आवश्यक हुआ तो मतदान दिनांक 23 फरवरी 2026 को प्रातः 07:00 बजे से अपराह्न 05:00 बजे तक कराया जाएगा, जबकि मतगणना दिनांक 27 फरवरी 2026 को प्रातः 08:00 बजे से प्रारंभ होगी। प्रेस वार्ता के दौरान उपायुक्त ने नाम निर्देशन दाखिल करने हेतु चिन्हित कार्यालयों के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से विभिन्न पदों के लिए नाम निर्देशन पत्र दाखिल करने हेतु अलग-अलग कार्यालय निर्धारित किए गए हैं।
अध्यक्ष पद के अभ्यर्थियों के लिए अपर समाहर्ता का कार्यालय, समाहरणालय, गिरिडीह चिन्हित किया गया है। अध्यक्ष बड़की सरैया नगर पंचायत के लिए अनुमंडल कार्यालय, बगोदर सरिया, अध्यक्ष धनवार नगर पंचायत के लिए भूमि सुधार उप समाहर्ता का कार्यालय, वार्ड पार्षद संख्या 01 से 09 गिरिडीह नगर निगम) प्रखंड कार्यालय गिरिडीह, वार्ड पार्षद वार्ड संख्या 10 से 18 गिरिडीह नगर निगम) प्रखंड सह अंचल कार्यालय गिरिडीह, वार्ड पार्षद वार्ड संख्या 19 से 27 नगर निगम, प्रखंड कार्यालय गिरिडीह, वार्ड पार्षद वार्ड संख्या 28 से 36 नगर निगम, प्रखंड कार्यालय गिरिडीह, वार्ड पार्षद वार्ड संख्या 07 से 12 बड़की सरैया नगर पंचायत का प्रखंड कार्यालय, सरिया में संचालित होगा। इसके अलावा वार्ड पार्षद वार्ड संख्या 01 से 06 धनवार नगर पंचायत के लिए प्रखंड सह अंचल कार्यालय धनवार तथा वार्ड पार्षद वार्ड संख्या 07 से 11 धनवार नगर पंचायत के लिए प्रखंड सह अंचल कार्यालय धनवार में संचालित होगा। उपायुक्त ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया के सुचारू संचालन हेतु विभिन्न पदों के लिए निम्नलिखित निर्वाची एवं सहायक निर्वाची पदाधिकारी प्रतिनियुक्त किए गए हैं—
उपायुक्त ने बताया कि महापौर के लिए अनुसूचित जाति, अध्यक्ष बड़की सरैया नगर पंचायत के लिए अनारक्षित और अध्यक्ष धनवार नगर पंचायत के लिए अनारक्षित है। इसके अलावा गिरिडीह नगर निगम में कुल 36 वार्ड अंतर्गत 137 मतदान केंद्र, मतदाता की संख्या 1,50,932 ( जिसमें 75,266 पुरुष और 75,725 महिला), बड़की सरैया नगर पंचायत में कुल 12 वार्ड अंतर्गत मतदान केंद्रों की संख्या 15 तथा मतदाता की संख्या 14,436, धनवार नगर पंचायत में कुल वार्ड की संख्या 11, मतदान केंद्रों की संख्या 14 तथा मतदाता की संख्या 12,396 है। कुल मतदाताओं की संख्या 1,77,824 तथा कुल मतदान केंद्रों की संख्या 166 और कुल वार्ड 59 है।
उपायुक्त ने आमजनों एवं प्रत्याशियों से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर नाम निर्देशन दाखिल करने की अपील की। प्रेस वार्ता के दौरान उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा नगर निकाय चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक तैयारियाँ की जा रही हैं। उन्होंने आम मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।
प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी गिरिडीह, निदेशक डीआरडीए, उप निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका), जिला नजारत उप समाहर्ता, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी समेत प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे।



