नगर निकाय चुनाव: निष्पक्ष मतदान को लेकर पुलिस की हाईलेवल तैयारी ड्रोन निगरानी से लेकर फ्लैग मार्च तक, हर स्तर पर सुरक्षा कड़ी गड़बड़ी करने वालों पर सख्ती के निर्देश, एसएसपी ने पदाधिकारियों को किया अलर्ट

Advertisements

नगर निकाय चुनाव: निष्पक्ष मतदान को लेकर पुलिस की हाईलेवल तैयारी

ड्रोन निगरानी से लेकर फ्लैग मार्च तक, हर स्तर पर सुरक्षा कड़ी

गड़बड़ी करने वालों पर सख्ती के निर्देश, एसएसपी ने पदाधिकारियों को किया अलर्ट

डीजे न्यूज, धनबाद: नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला पुलिस मुख्यालय के सभागार में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार  ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक अहम समीक्षा बैठक की। बैठक में सिटी एसपी, सभी डीएसपी, एसडीपीओ, सभी अंचल निरीक्षक, थाना प्रभारी एवं ओपी प्रभारी शामिल हुए।

बैठक के दौरान एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदान की पूरी प्रक्रिया समाप्त होने तक सभी पदाधिकारी पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ सक्रिय रहें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और विधि-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

क्षेत्र में लगातार गश्त और फ्लैग मार्च

सभी थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीम को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने का निर्देश दिया गया । बाइक पेट्रोलिंग के साथ-साथ पैदल मार्च भी किया जा रहा है, ताकि लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे और असामाजिक तत्वों में कानून का भय व्याप्त रहे।

होटल-लॉज में सघन जांच अभियान

चुनाव के मद्देनज़र जिले के होटल, लॉज और गेस्ट हाउसों में विशेष जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है। बाहर से आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और सत्यापन सुनिश्चित किया जाएगा।

संवेदनशील इलाकों में ड्रोन से निगरानी

संवेदनशील और अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों के साथ कुछ चुनिंदा इलाकों  पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। कई इलाकों में ड्रोन कैमरे के माध्यम से आसमान से निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर

पुलिस द्वारा पूर्व में चिन्हित उपद्रवी एवं असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर बाउंड डाउन की कार्रवाई भी की जा रही है। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम भी सक्रिय है, ताकि अफवाह फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई हो सके।

गड़बड़ी करने वालों से सख्ती से निपटने का निर्देश

एसएसपी  ने स्पष्ट कहा कि चुनाव में बाधा उत्पन्न करने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ पुलिस पूरी सख्ती से निपटेगी। एसएसपी ने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जिला पुलिस प्रशासन ने आम मतदाताओं से अपील की है कि वे बिना किसी भय के अपने मताधिकार का प्रयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या कंट्रोल रूम को दें।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top