नगर निकाय चुनाव : मतगणना कर्मियों को मिला अंतिम प्रशिक्षण 

Advertisements

नगर निकाय चुनाव : मतगणना कर्मियों को मिला अंतिम प्रशिक्षण 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : नगरपालिका आम निर्वाचन के तहत पारदर्शी एवं निष्पक्ष मतगणना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मतगणना कर्मियों का अंतिम प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार आयोजित हुआ, जिसमें सभी मतगणना पर्यवेक्षक, गणनाकार एवं सहायक कर्मी उपस्थित रहे।

प्रशिक्षण के दौरान बैलेट पेपर से मतगणना की संपूर्ण प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से समझाया गया। अधिकारियों ने बताया कि मतपेटिकाओं की सील की जांच, मतपत्रों की वैधता का निर्धारण तथा परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया अत्यंत सावधानी और पारदर्शिता के साथ संपन्न की जानी है। प्रत्येक टेबल पर नियुक्त कर्मियों की जिम्मेदारियों को स्पष्ट रूप से परिभाषित किया गया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की जल्दबाजी या लापरवाही न बरती जाए। सभी कर्मी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करें तथा किसी भी विवाद की स्थिति में संबंधित पर्यवेक्षक को तुरंत अवगत कराएं। प्रशिक्षण में मतगणना प्रपत्रों को सही ढंग से भरने, राउंडवार परिणाम तैयार करने एवं अंतिम समेकित परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक अभ्यास भी कराया गया।

सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी तथा अभ्यर्थियों एवं एजेंटों की उपस्थिति में मतगणना की पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि मतगणना स्थल पर प्रवेश केवल अधिकृत पासधारकों को ही दिया जाएगा तथा संपूर्ण प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की जाएगी।

अंत में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी कर्मियों से निष्पक्षता, धैर्य एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफल एवं शांतिपूर्ण मतगणना ही लोकतांत्रिक प्रक्रिया की विश्वसनीयता को सुदृढ़ करती है। प्रशिक्षण के उपरांत सभी कर्मियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया गया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top