नगर निकाय चुनाव: मतदान पेटी जमा करने के दौरान यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव

Advertisements

नगर निकाय चुनाव: मतदान पेटी जमा करने के दौरान यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव

डीजे न्यूज, धनबाद: नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), धनबाद कार्यालय द्वारा जारी निर्देश के अनुसार 23 फरवरी को मतदान के उपरांत मतदान पेटियों को जमा करने के लिए राजकीय पोलिटेक्निक, बाबूडीह  को रिसीविंग सेंटर बनाया गया है।

शाम 05:00 बजे से मतदान पेटियों को जमा करने की प्रक्रिया शुरू होगी। इस दौरान विनोद बिहारी महतो चौक से बेकारबाँध मार्ग पर चुनाव ड्यूटी में लगे वाहनों की आवाजाही काफी संख्या में रहेगी। सुगम यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए धनबाद पुलिस ने विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू की है।

यातायात व्यवस्था में किए गए प्रमुख बदलाव

बिनोद बिहारी महतो चौक से बेकारबाँध चौक तक केवल मतदान कार्य में लगे वाहनों को ही आवागमन की अनुमति होगी। अन्य सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन पूर्णतः बंद रहेगा।

मतदान पेटी जमा करने वाले सभी वाहनों का प्रवेश बिनोद बिहारी महतो चौक की ओर से होगा, जबकि निकास बेकारबाँध चौक की ओर से सुनिश्चित किया गया है।

मतदान पत्र रिसीविंग पार्टी से जुड़े कर्मियों के वाहनों की पार्किंग राजकीय पॉलिटेक्निक मैदान में ही निर्धारित की गई है। सड़क पर किसी भी प्रकार का वाहन खड़ा करने की अनुमति नहीं होगी।

स्थानीय निवासियों के लिए विशेष प्रावधान

बेकारबाँध से राजकीय पॉलिटेक्निक के बीच जिनका आवास या प्रतिष्ठान है, उन्हें विशेष परिस्थिति में बेकारबाँध की ओर से प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। वहीं बिनोद बिहारी महतो चौक से राजकीय पॉलिटेक्निक के बीच रहने वाले लोगों को बिनोद बिहारी महतो चौक की ओर से प्रवेश दिया जाएगा।

यह व्यवस्था 23 फरवरी की शाम 05:00 बजे से मतदान पेटी जमा करने की प्रक्रिया पूर्ण होने तक प्रभावी रहेगी।

धनबाद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि निर्धारित मार्ग परिवर्तन का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर सहयोग प्रदान करें, ताकि चुनाव प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top