

























































नगर निकाय चुनाव को लेकर देवघर प्रशासन पूरी तरह तैयार, प्रेसवार्ता में जारी हुआ विस्तृत चुनाव कार्यक्रम

डीजे न्यूज, देवघर : जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा एवं पुलिस अधीक्षक सौरभ की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में नगर निकाय (आम) निर्वाचन को लेकर प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान राज्य निर्वाचन आयोग, झारखंड द्वारा जारी निर्वाचन कार्यक्रम एवं प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत जानकारी मीडिया प्रतिनिधियों को दी गई।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि नगरपालिका आम निर्वाचन–2026 में नोटा (NOTA) का विकल्प उपलब्ध नहीं रहेगा। उन्होंने बताया कि देवघर नगर निगम (वर्ग-ख) में कुल 36 वार्ड, 172 मतदान केन्द्र (158 मुख्य एवं 14 सहायक) बनाए गए हैं। नगर निगम क्षेत्र में कुल 1,79,278 मतदाता हैं, जिनमें 92,712 पुरुष, 86,558 महिला एवं 08 अन्य मतदाता शामिल हैं। वहीं मधुपुर नगर परिषद (वर्ग-ख) में 23 वार्ड, 46 मतदान केन्द्र एवं कुल 44,258 मतदाता हैं, जिनमें 22,065 पुरुष एवं 22,193 महिला मतदाता शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि नाम निर्देशन की प्रक्रिया 29 जनवरी से 04 फरवरी तक चलेगी। नाम निर्देशन की संवीक्षा 05 फरवरी, नाम वापसी 06 फरवरी, प्रतीक आवंटन 07 फरवरी, मतदान 23 फरवरी एवं मतगणना 27 फरवरी को होगी। मतदान मतपत्र के माध्यम से मतपेटिका द्वारा कराया जाएगा। प्रत्येक मतदान केन्द्र पर दो बड़ी मतपेटिकाएं उपलब्ध रहेंगी तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त मतपेटिका का प्रयोग किया जाएगा। कुल 600 मतपेटिकाओं की मरम्मत, तैलीयकरण एवं रंगाई का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बताया गया कि देवघर नगर निगम क्षेत्र में 166 संवेदनशील एवं 06 अतिसंवेदनशील मतदान केन्द्र चिन्हित किए गए हैं। वहीं मधुपुर नगर परिषद क्षेत्र में भी अधिकांश मतदान केन्द्र संवेदनशील घोषित किए गए हैं। सभी केन्द्रों पर दंडाधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
निर्वाचन व्यय की अधिसीमा के अनुसार देवघर नगर निगम में महापौर पद हेतु 15 लाख रुपये एवं वार्ड पार्षद पद हेतु 03 लाख रुपये, जबकि मधुपुर नगर परिषद में अध्यक्ष पद हेतु 06 लाख रुपये एवं वार्ड पार्षद पद हेतु 1.5 लाख रुपये व्यय सीमा निर्धारित की गई है।
प्रेसवार्ता में यह भी बताया गया कि निर्वाचन की घोषणा के साथ ही नगरपालिका क्षेत्र में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। किसी भी प्रकार के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। केंद्र एवं राज्य सरकार की पूर्व स्वीकृत योजनाओं का क्रियान्वयन आचार संहिता से प्रभावित नहीं होगा।
मतदाताओं की पहचान के लिए मतदान के समय एपिक कार्ड के अलावा आयोग द्वारा निर्धारित 12 वैकल्पिक फोटो पहचान पत्रों के माध्यम से भी मतदान किया जा सकेगा।
वहीं पुलिस अधीक्षक सौरभ ने बताया कि शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए वार्डवार पुलिस बल की तैनाती, असामाजिक तत्वों पर निगरानी, धारा 126 एवं सीसीए के तहत कार्रवाई, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तथा क्विक रिस्पांस टीम (QRT) का गठन किया गया है।
प्रेसवार्ता में उप विकास आयुक्त पियूष सिन्हा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी शैलेष कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी राहुल कुमार भारती, जिला पंचायती राज पदाधिकारी रणवीर सिंह, जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रीतिलता किस्कू, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।



