नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर धनबाद पुलिस अलर्ट, जगह-जगह फ्लैग मार्च भयमुक्त मतदान के लिए सड़कों पर उतरी पुलिस, ग्रामीण व सिटी एसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा निष्पक्ष चुनाव को लेकर सख्त तैयारी, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में गश्त और निगरानी तेज

Advertisements

नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर धनबाद पुलिस अलर्ट, जगह-जगह फ्लैग मार्च

भयमुक्त मतदान के लिए सड़कों पर उतरी पुलिस, ग्रामीण व सिटी एसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

निष्पक्ष चुनाव को लेकर सख्त तैयारी, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में गश्त और निगरानी तेज

डीजे न्यूज, धनबाद: नगर निकाय चुनाव के तहत 23 फरवरी को होने वाले मतदान को लेकर जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरीय पुलिस अधीक्षक  प्रभात कुमार के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर फ्लैग मार्च निकाला गया।

स्थानीय थाना प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस बल ने अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशील और भीड़-भाड़ वाले इलाकों का भ्रमण किया। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस टीम ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा आम मतदाताओं से संवाद कर उन्हें निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर भी पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है।

ग्रामीण एसपी कपील चौधरी एवं सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने भी विभिन्न शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों के साथ बैठक कर मतदान दिवस पर विशेष सतर्कता बरतने, संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त बल की तैनाती तथा त्वरित प्रतिक्रिया टीम को सक्रिय रखने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने कहा कि धनबाद में लोकतंत्र के इस महापर्व को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से मतदाताओं में विश्वास का माहौल कायम हुआ है और जिले में चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top