



नगर भवन में महिला दिवस पर सम्मानित हुईं प्रेरणादायक महिलाएं
बेटियों की शिक्षा पर दिया गया जोर
डीजे न्यूज, गिरिडीह : अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस-2026 के अवसर पर “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” योजना के तहत नगर भवन गिरिडीह में सम्मान समारोह सह जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में महिलाओं और किशोरियों की भूमिका को सम्मानित करना तथा बेटियों के महत्व के प्रति जागरूकता फैलाना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त रामनिवास यादव, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी सहित अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस मौके पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं और किशोरियों को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि महिलाओं के सम्मान, शिक्षा और सशक्तिकरण के बिना समाज और राष्ट्र का समग्र विकास संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने का एक महत्वपूर्ण अभियान है।
वहीं उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने कहा कि बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसर प्रदान करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को पढ़ाई के लिए प्रेरित करें और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दें।
कार्यक्रम के दौरान बालिका शिक्षा, महिला सुरक्षा, पोषण, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता जैसे विषयों पर जागरूकता सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें विशेषज्ञों और अधिकारियों ने महिलाओं एवं किशोरियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और उनका लाभ उठाने का आह्वान किया।

इसके अलावा नीति आयोग के तहत संचालित संपूर्णता अभियान 2.0 के अंतर्गत नगर भवन में विशेष स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराई। शिविर में रक्तचाप, शुगर, हीमोग्लोबिन सहित अन्य जांच की गई और जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।
इस अवसर पर उपायुक्त द्वारा गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक गोदभराई रस्म भी कराई गई और उन्हें फल, पोषण सामग्री व उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी लोगों ने बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और शिक्षा को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।



