नेपाल में सम्मानित हुए खोरठा के साहित्यकार-गीतकार विनय तिवारी

Advertisements

नेपाल में सम्मानित हुए खोरठा के साहित्यकार-गीतकार विनय तिवारी

डीजे न्यूज, धनबाद: कतरास के रोआम निवासी खोरठा के साहित्यकार एवं गीतकार विनय तिवारी को विश्व प्रतिभा अंतर्राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया है। नेपाल की सामाजिक संस्था शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय सम्मान फाउन्डेशन द्वारा 22 फरवरी को नेपालगंज के होटल वाटिका में आयोजित समारोह में विनय को यह सम्मान दिया गया है। विनय सहित विभिन्न क्षेत्रों की अन्य 100 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया है। विनय को साहित्यिक योगदान के लिए विश्व प्रतिभा अंतरराष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किया गया है।

बहुमुखी प्रतिभा के धनी विनय की सैकड़ों रचनाएं देश विदेश की विभिन्न पत्र पत्रिकाओं में प्रकाशित होने के साथ ही इन्हें दर्जनों प्रतिष्ठित सम्मान मिल चुके हैं। देश विदेश की विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने, देवनागरी लिपि के सरंक्षण संवर्द्धन, नेपाल -भारत के बीच बीच मैत्री संबंधों को सुदृढ़ बनाने तथा नेपाली -हिंदी भाषा को दोनों देशों की मैत्री भाषा बनाने में सहयोग पहुंचाने के उद्देश्य से इस समारोह का आयोजन किया गया था। समारोह में देश विदेश से प्राप्त पांच हजार आवेदनों में से सौ विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं का चयन कर सम्मानित किया गया है। सम्मान पाने वालों में नेपाल, भारत, अमेरिका तथा तंजानिया के साहित्यकार शामिल हैं।  संस्था के अध्यक्ष आनन्द गिरि मायालु, नेपाल सरकार लुंबिनी के कृषि तथा भूमि व्यवस्था मंत्रालय के मंत्री भंडारी लाल अहीर, नेपाल सरकार लुंबिनी के वन तथा वातावरण मंत्रालय के मंत्री बादशाह कुर्मी, डॉ जसभाई पटेल, कमल सिंह बैद ने सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो, मैडल, अंग वस्त्र, रुद्राक्ष माला तथा नेपाली टोपी पहना कर सम्मानित किया है।

समारोह में 18 राज्यों से 53 महिला तथा 47 पुरुष प्रतिभागियों की सहभागिता रही। प्रतिभा सम्मान के साथ ही एक दर्जन लेखकों की दर्जन से अधिक पुस्तकों का विमोचन भी किया गया है। समारोह के अंतिम सत्र में आयोजित काव्य सम्मेलन में दर्जनों कवियों ने काव्य पाठ कर आयोजन की शोभा बढ़ाई थी। बता दें कि शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय सम्मान फाउन्डेशन नेपाल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्धि प्राप्त कर चुकी एक साहित्यिक संस्था है जो वर्ष में कई आयोजन कर देश विदेश के कवि, लेखक, पत्रकार, साहित्यकार, शिक्षक, समाजसेवी आदि को प्रोत्साहित करती आई है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top