नदी घाटों से रोज सैकड़ों ट्रैक्टर से उठ रहा बालू, प्रशासन ने दो ट्रैक्टर पकड़ा

Advertisements

नदी घाटों से रोज सैकड़ों ट्रैक्टर से उठ रहा बालू, प्रशासन ने दो ट्रैक्टर पकड़ा

डीजे न्यूज, बिरनी(गिरिडीह) : मंगलवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान शाम करीब चार बजे बिरनी अंचलाधिकारी (सीओ) संदीप मधेसिया और बिरनी थाना के एसआई प्रेमशंकर सिंह ने बराकर नदी पुल के पास पन्दनाखुर्द घाट पर अवैध बालू उठाव करते दो ट्रैक्टर को पकड़ा। अधिकारियों की गाड़ी को देखते ही दोनों ट्रैक्टरों के चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।

सीओ ने अपने वाहन के चालक की मदद से बालू लदे दोनों ट्रैक्टरों को जब्त कर बिरनी थाना भिजवा दिया। जांच-पड़ताल के बाद सीओ ने दोनों ट्रैक्टरों के खिलाफ थाना में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।

थाना प्रभारी देवानंद कुमार ने बताया कि सीओ के आवेदन के आधार पर सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है।

बताया जाता है कि बिरनी क्षेत्र की बराकर और इरगा नदी के पन्दना खुर्द, चानो, पन्दनकला, हरदिया, घोरमारा, चितनखारी, बाराडीह, झरखी, केशोडीह, बराय, गारागुरो, नगलो, तुलशीटांड, जमड़िहा, पेशम और विजयडीह समेत कई घाटों से प्रतिदिन सैकड़ों ट्रैक्टरों के माध्यम से अवैध बालू का उठाव किया जा रहा है।

सूत्रों का कहना है कि ट्रैक्टरों पर ठोस कार्रवाई नहीं होने से बालू कारोबारियों का मनोबल बढ़ा हुआ है। वहीं, बालू कारोबारियों के दबदबे के कारण ग्रामीण अक्सर चुप रहते हैं। विरोध करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने का डर भी बना रहता है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top