
नाला में भी कोल्ड स्टोरेज का सपना हुआ पूरा : रबीन्द्रनाथ महतो
नाला प्रखंड के सालुका में 5000 एमटी क्षमता वाले जामताड़ा कोल्ड स्टोरेज का विधानसभा अध्यक्ष ने किया शुभारंभ
डीजे न्यूज, जामताड़ा : सोमवारको जामताड़ा जिला अंतर्गत नाला प्रखंड के सालुका में विभागीय योजनांतर्गत नव निर्मित 5000 एमटी क्षमता वाले जामताड़ा शीत गृह (कोल्ड स्टोरेज) का शुभारंभ हेतु समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अध्यक्ष, झारखंड विधानसभा रबीन्द्रनाथ महतो के द्वारा रिबन काटकर शीत गृह का शुभारंभ किया गया। इससे पूर्व मुख्य अतिथि अध्यक्ष झारखण्ड विधानसभा, का उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद द्वारा स्वागत किया गया।
किसानों के बीच आएगी आर्थिक संपन्नता : विधानसभा अध्यक्ष
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने कहा कि बहुत पहले का सपना था कि नाला में भी कोल्ड स्टोरेज हो। हम भी किसान का बेटा हैं। किसानों की समस्या, उन्हें क्या दिक्कत है समझते हैं। यहां कोल्ड स्टोरेज के बन जाने से अब क्षेत्र के किसानों को काफी सहूलियत होगी। जब बाजार भाव बढ़ेगा तो किसान अपने फसलों को इंटरनेट दुनिया के माध्यम से अवेयरनेस के साथ अच्छे बाजारों में बेच सकेंगे जिससे उन्हें अधिक मुनाफा होगा और वे अधिक रुचि से खेती करेंगे, जिससे और भी किसान खेती के प्रति जागरूक होंगे जिससे आर्थिक संपन्नता आएगी।
कोल्ड स्टोरेज के माध्यम से किसान अब फसलों को लंबे समय तक सुरक्षित रख सकेंगे : उपायुक्त रवि आनंद
वहीं उपायुक्त रवि आनंद ने कहा कि आज कोल्ड स्टोरेज का शुभारम्भ किया गया है। इसके क्रियाशील होने से अब किसानों की फसलें बर्बाद नहीं होगी, कोल्ड स्टोरेज के माध्यम से वे इसे लंबे समय तक सुरक्षित रख सकेंगे साथ ही अब बिचौलिए किसानों से औने पौने दामों में उनका फसल नहीं खरीद पाएंगे। इसके अलावा इस कोल्ड स्टोरेज के जरिए कई लोग रोजगार से जुड़ सकेंगे। उन्होंने किसानों से अपील किया कि इसका समुचित लाभ उठाएं। कहा कि मुख्यमंत्री के द्वारा कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही है इसका लाभ उठाएं। वहीं उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत वाहन ले सकते हैं एवं खेती बारी से जुड़ी चीजों के ट्रांसपोर्टेशन कर अपनी आय को बढ़ा सकते हैं।
इस मौके पर उप विकास आयुक्त श्री निरंजन कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।