


मुराईडीह से लापता महिला का शव पोखरिया के पानी में मिला
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): बरोरा थाना क्षेत्र के मुराईडीह कालोनी निवासी कोल कर्मी सत्तार अंसारी की लापता सास सेबून खातुन (65 वर्ष) का शव बुधवार को मुराईडीह कोलियरी के डोजर सेक्शन के समीप स्थित पोखरिया के पानी में मिला। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और 60 फीट गहरी पोखरिया से शव को बाहर निकलवाया। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया। शव पाए जाने की जानकारी पाकर सत्तार अंसारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कपड़ा और चुडी से शव की पहचान अपने सास के रूप में किया है। सत्तार अंसारी के फर्दबयान पर पुलिस ने यूडी कांड अंकित किया है।

थाना प्रभारी साधन कुमार ने बताया कि सत्तार अंसारी ने लगभग पंद्रह दिन पहले अपनी अर्धविक्षिप्त सास शेबुन के गुमशुदा होने का सनहा दर्ज कराया गया। वृद्धा की तलाश में पुलिस द्वारा लगातार संभावित इलाकों में महिला की तलाश की जा रही थी।