मुंबई में मौत के चार दिन बाद प्रवासी मजदूर का शव गांव पहुंचा, परिवार में कोहराम

Advertisements

मुंबई में मौत के चार दिन बाद प्रवासी मजदूर का शव गांव पहुंचा, परिवार में कोहराम

डीजे न्यूज, बिरनी,गिरिडीह :

बिरनी प्रखंड की अरारी पंचायत अंतर्गत नावाडीह निवासी एवं वार्ड सदस्या सुदामा देवी के 27 वर्षीय पुत्र प्रवासी मजदूर राजेन्द्र यादव का शव मुंबई से बुधवार को घर लाया गया। शव पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया। पत्नी पिंकी देवी, तीन छोटे-छोटे बच्चे, वृद्ध माता-पिता और परिजन दहाड़ मारकर रोने लगे। शव को देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

परिजनों ने बताया कि राजेन्द्र यादव दुर्गा पूजा के बाद मुंबई मजदूरी करने गया था। घटना से पहले उसकी परिजनों से बात भी हुई थी। सभी का कहना था — “अब बच्चों को कौन पाल-पोषेगा?”

परिजन के अनुसार, घटना रविवार रात करीब 11 बजे हुई। राजेन्द्र मुंबई में दिहाड़ी मजदूरी करता था। सूचना मिलने पर जब लोग कमरे पर पहुंचे तो वह मृत पाया गया। पुलिस मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम कराया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव ट्रेन से हजारीबाग स्टेशन भेजा गया, वहां से एम्बुलेंस द्वारा गांव लाया गया। बुधवार को ग्रामीणों की सहायता से अंतिम संस्कार किया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही जीप उपाध्यक्ष एवं भाजपा नेता छोटेलाल यादव, सांसद प्रतिनिधि देवनाथ राणा, पंसस पंकज यादव, भाजपा जरीडीह मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह, प्रेमचंद कुशवाहा, महेंद्र कुमार यादव सहित कई लोग मृतक के घर पहुंचे। सभी ने श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। साथ ही प्रवासी मजदूर के आश्रितों को सरकारी प्रावधान के तहत मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top