



मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना से 111 पीड़ितों को सहायता की स्वीकृति

सुदूरवर्ती एवं पिछड़े क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को दें योजना की जानकारी : उपायुक्त रामनिवास यादव
डीजे न्यूज, गिरिडीह : उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में कल्याण विभाग अंतर्गत संचालित मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना की प्रगति को लेकर शनिवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के तहत प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत मामलों एवं लाभुकों को दी जा रही सहायता राशि की विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिला कल्याण पदाधिकारी ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना के अंतर्गत कुल 114 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से जांच एवं समीक्षा के बाद 111 आवेदनों को स्वीकृति दे दी गई है। उपायुक्त ने इस प्रक्रिया को समयबद्ध और पारदर्शी बनाए रखने का निर्देश दिया।
उपायुक्त रामनिवास यादव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सुदूरवर्ती एवं पिछड़े क्षेत्रों में रहने वाले पात्र लाभुकों तक योजना की जानकारी और लाभ अनिवार्य रूप से पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारी, सर्जरी, कोविड या कैंसर जैसी परिस्थितियों में यह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए बड़ी राहत है।
बैठक में योजना की विशेषताओं पर भी प्रकाश डाला गया। बताया गया कि योजना के तहत 18 वर्ष से अधिक आयु के लाभुकों को बीमारी, कोविड एवं कैंसर के इलाज हेतु 3,000 रुपये से 25,000 रुपये तक तथा 18 वर्ष से कम आयु के लाभुकों को 1,500 रुपये से 15,000 रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाती है।
समीक्षा बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला कल्याण पदाधिकारी, सिविल सर्जन, गिरिडीह, गांडेय, धनवार एवं डुमरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रतिनिधि, कल्याण विभाग के अधिकारी एवं अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित थे।




