
मुख्यमंत्री के आगमन पर गिरिडीह में ट्रैफिक व्यवस्था बदली, भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित
डीजे न्यूज, गिरिडीह : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आगमन को लेकर गिरिडीह प्रशासन ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। प्राप्त सूचना के अनुसार, 04 मार्च को मुख्यमंत्री झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के स्थापना दिवस समारोह में भाग लेने झंडा मैदान, गिरिडीह आएंगे। इस अवसर पर 05 मार्च की सुबह 03:00 बजे तक भारी वाहनों का शहर में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
यातायात एवं वाहनों के पड़ाव की विशेष व्यवस्था :
खोरीमहुआ अनुमंडल से आने वाली बसों का पड़ाव बाजार समिति मैदान पचंबा, मिशन ग्राउंड, कार्मेल स्कूल ग्राउंड अलकापुरी में होगा।
डुमरी अनुमंडल से आने वाली बसें पुराना बस डिपो, कोलडीहा में रुकेंगी।
डुंडी की ओर से आने वाली बसों का ठहराव अंटा बंगला मैदान, हुट्टी बाजार मैदान और पुराना पुलिस लाइन गिरिडीह मैदान में होगा।
बेंगाबाद और गांडेय क्षेत्र से आने वाली बसों का पड़ाव आम बगान, सिहोडीह में निर्धारित किया गया है।
छोटी निजी वाहनों के लिए सर्कस मैदान, गिरिडीह में ठहराव की व्यवस्था की गई है।
कड़ी निगरानी और यातायात नियंत्रण :
गिरिडीह अनुमंडल पदाधिकारी सह अनुमंडल दंडाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के मद्देनजर शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। कार्यक्रम में शामिल होने वालों को निर्धारित पड़ाव में ही वाहन खड़ा करने की अनिवार्यता होगी।
प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।