
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कालीघाट मंदिर में टेका माथा, झारखंड की समृद्धि के लिए की प्रार्थना
डीजे न्यूज कोलकाता : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन के साथ कोलकाता स्थित कालीघाट शक्तिपीठ मंदिर पहुंचे। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां काली का आशीर्वाद लिया और झारखंड की उन्नति, शांति और खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के विकास और राज्यवासियों के कल्याण के लिए वे मां काली से प्रार्थना करने आए हैं। मंदिर के पुजारियों ने मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी को शुभकामनाएं देते हुए प्रसाद और आशीर्वाद प्रदान किया।
कालीघाट शक्तिपीठ देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। मुख्यमंत्री की इस आध्यात्मिक यात्रा को धार्मिक आस्था और राज्य की सुख-समृद्धि के संकल्प से जोड़ा जा रहा है।