



मथुरा ने विधानसभा में उठाए धनबाद से जुड़े मुद्दे : राजगंज प्रखंड गठन, टेकलाल महतो स्टेडियम की मरम्मत और नगर निगम में लाइट-सीसीटीवी व्यवस्था पर सरकार का जवाब
डीजे न्यूज, धनबाद : झारखण्ड विधानसभा के वर्तमान सत्र में टुंडी के विधायक मथुरा प्रसाद महतो द्वारा धनबाद जिला से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रश्न एवं निवेदन उठाए गए। इन प्रश्नों में राजगंज को नया प्रखंड बनाने की मांग, तोपचांची प्रखंड स्थित स्व० टेकलाल महतो स्टेडियम की जर्जर स्थिति तथा धनबाद नगर निगम क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट एवं सीसीटीवी कैमरा अधिष्ठापन से संबंधित विषय शामिल रहे। सरकार की ओर से संबंधित विभागों ने इन प्रश्नों का लिखित उत्तर सदन में प्रस्तुत किया।
राजगंज को नया प्रखंड बनाने की मांग पर जवाब
ग्रामीण विकास विभाग, झारखण्ड सरकार की ओर से बताया गया कि धनबाद जिला में पिछले लगभग 10 वर्षों से राजगंज को प्रखंड बनाने की मांग की जा रही है — यह बात स्वीकारात्मक है।
दंडी विधानसभा क्षेत्राधीन बाघमारा प्रखंड के अंतर्गत दुलुडीह, महेशपुर-1, धवाचिता, फाटामहुल, छोटा नगरी, नगरी कला उत्तर, नगरी कला दक्षिण, मोहलाडीह, बौआ कला उत्तर, बौआ कला दक्षिण, रंगुनी, गोविंदाडीह, बगदाहा एवं जमुआटांड पंचायतों की दूरी प्रखंड मुख्यालय से अधिक होने के कारण ग्रामीणों को प्रशासनिक सुविधा में कठिनाई होने संबंधी प्रश्न पर सरकार ने आंशिक स्वीकारात्मक उत्तर दिया।
वित्तीय वर्ष 2022 में जिला परिषद धनबाद द्वारा राजगंज प्रखंड सृजन हेतु प्रस्ताव भेजे जाने के प्रश्न पर विभाग ने कहा कि विभागीय संकल्प ज्ञापांक-5495 दिनांक 16.10.2015 के आलोक में गठित प्रस्ताव अप्राप्त है।
सरकार ने स्पष्ट किया कि प्रखंड सृजन हेतु न्यूनतम 1.25 लाख आबादी तथा कम-से-कम 18 पंचायतों का प्रावधान है। उपायुक्त, धनबाद के पत्रांक 619 दिनांक 19.02.2026 के अनुसार प्रस्तावित राजगंज प्रखंड की जनसंख्या (जनगणना 2011) 99,325 तथा पंचायतों की संख्या 14 है, जो निर्धारित मानदंडों को पूर्ण नहीं करती।
विभागीय पत्रांक 493 दिनांक 20.02.2026 के माध्यम से उपायुक्त, धनबाद से पुनः प्रतिवेदन मांगा गया है। प्राप्त प्रतिवेदन एवं निर्धारित मापदंडों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
टेकलाल महतो स्टेडियम की मरम्मत का निवेदन
झारखण्ड विधानसभा की नियम-263 (1) के अंतर्गत विधायक द्वारा निवेदन किया गया कि धनबाद जिला अंतर्गत तोपचांची प्रखंड के मदैयडीह में खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग द्वारा निर्मित स्व० टेकलाल महतो स्टेडियम रंग-रोगन एवं मरम्मत के अभाव में जर्जर स्थिति में है।
उन्होंने आसन के माध्यम से स्टेडियम की मरम्मत एवं रंग-रोगन कराने का आग्रह किया, ताकि स्थानीय खेल प्रतियोगिताओं एवं प्रशिक्षण गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित किया जा सके।
धनबाद नगर निगम में लाइट एवं सीसीटीवी व्यवस्था पर सरकार का जवाब
नगर विकास एवं विकास विभाग से संबंधित प्रश्न के उत्तर में प्रभारी मंत्री ने बताया कि यह अस्वीकारात्मक है कि सभी वार्डों में लाइट की व्यवस्था नहीं की गई है। धनबाद नगर निगम क्षेत्र में विगत दस वर्षों में चरणबद्ध रूप से लगभग 27,000 स्ट्रीट लाइट स्थापित की गई हैं।
वार्ड संख्या-04 को छोड़कर नगर निगम क्षेत्र के प्रमुख एवं संवेदनशील मार्गों तथा चौक-चौराहों के 28 चयनित स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित किए गए हैं।
दूसरे प्रश्न के उत्तर में सरकार ने स्वीकार किया कि सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यकता अनुसार स्ट्रीट लाइट एवं सीसीटीवी कैमरों का अधिष्ठापन जरूरी है। धनबाद नगर निगम क्षेत्र के सभी 55 वार्डों में उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप प्रकाश व्यवस्था की जाती है तथा यातायात निगरानी एवं अपराध नियंत्रण हेतु प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
सरकार ने कहा कि व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आगे भी कार्रवाई की जाएगी।





