



मतदाता सूची पुनरीक्षण की तैयारी को लेकर बीएलओ व सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण
डीजे न्यूज, पीरटांड़,गिरिडीह : प्रखंड मुख्यालय सभागार में मंगलवार को बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजरों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण आगामी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की तैयारी के तहत आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पीरटांड़ अंचल अधिकारी ऋषिकेश मरांडी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-सचिव, झारखंड रांची के निर्देश के आलोक में अप्रैल 2026 से मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण शुरू होने की संभावना है। इसे ध्यान में रखते हुए पुनरीक्षण से पूर्व की सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्यक्रम में बीएलओ को स्टीकर लगाने, नोशनल हाउस नंबर अंकित करने तथा निर्वाचन से जुड़े अन्य आवश्यक कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें अपने-अपने क्षेत्र में मतदाता सूची के कार्यों को सही और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रशिक्षण के बाद सभी बीएलओ को आवश्यक कार्यों के लिए स्टीकर और मोहर भी उपलब्ध कराई गई, ताकि वे अपने क्षेत्र में निर्वाचन से संबंधित कार्यों को सुचारू रूप से पूरा कर सकें।



