



मतदान प्रक्रिया पर देवघर उपायुक्त की कड़ी नजर, कंट्रोल रूम से गतिविधियों की मॉनिटरिंग
डीजे न्यूज, देवघर : नगरपालिका आम निर्वाचन के तहत जिले में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। समाहरणालय परिसर स्थित कंट्रोल रूम में जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त श्री नमन प्रियेश लकड़ा अहले सुबह से ही उपस्थित रहकर मतदान से जुड़ी सभी गतिविधियों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि चुनाव के सफल संचालन में कंट्रोल रूम की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने सभी कर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और सतर्कता के साथ करने तथा समय पर रिपोर्ट संग्रह कर उसे समुचित रूप से समर्पित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने मतदान केंद्रों की स्थिति एवं बूथों पर हो रही गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि कंट्रोल रूम के माध्यम से प्रत्येक बूथ पर पैनी नजर रखी जाए, ताकि किसी भी प्रकार की विधि-व्यवस्था संबंधी समस्या, सुरक्षा उल्लंघन अथवा असामाजिक तत्वों की गतिविधि की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
मतदान संबंधी डाटा संग्रहण कार्य को सुव्यवस्थित ढंग से संपादित करने हेतु भी उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कर्मी पूरी तरह सक्रिय रहें और किसी भी सूचना को हल्के में न लें।
इस दौरान उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।





