



मर्सी हॉस्पिटल ने खावा रानीडीह में लगाया निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, 150 से अधिक मरीजों का इलाज

डीजे न्यूज, गिरिडीह : सामाजिक सरोकार की दिशा में एक सकारात्मक पहल करते हुए मर्सी हॉस्पिटल द्वारा खावा रानीडीह क्षेत्र में एक व्यापक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।

इस शिविर में 150 से अधिक ग्रामीण एवं जरूरतमंद मरीजों ने निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श, स्वास्थ्य जांच एवं दवा वितरण का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान सुबह से ही मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिलीं, जो इस आयोजन की सफलता को दर्शाता है। मर्सी हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. पी. एच. मिश्रा ने स्वयं मरीजों की जांच की और उनकी बीमारी के अनुसार उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया। शिविर में सामान्य रोग, मौसमी बीमारियां, बुखार, सर्दी-खांसी, ब्लड प्रेशर, मधुमेह सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याओं की जांच की गई। जांच के उपरांत सभी मरीजों को निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

इस अवसर पर डॉ पीएच मिश्रा ने कहा कि आज भी ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग आर्थिक कारणों से समय पर इलाज नहीं करा पाते हैं। मर्सी हॉस्पिटल का उद्देश्य ऐसे लोगों तक बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी अस्पताल द्वारा इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन लगातार किया जाता रहेगा, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंच सकें। स्थानीय ग्रामीणों एवं समाजसेवियों ने मर्सी हॉस्पिटल की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर जरूरतमंद लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी हैं। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन एवं चिकित्सकीय टीम के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित करने की मांग की।
शिविर के सफल आयोजन से क्षेत्र में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी है और लोगों को समय पर जांच एवं इलाज के महत्व को समझने का अवसर मिला।




