मूलभूत शिक्षण सर्वेक्षण के लिए जिले के 24 विद्यालय चिन्हित बच्चों में साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान के बुनियादी कौशल का मूल्यांकन है उद्देश्य

Advertisements

मूलभूत शिक्षण सर्वेक्षण के लिए जिले के 24 विद्यालय चिन्हित

बच्चों में साक्षरता और संख्यात्मक ज्ञान के बुनियादी कौशल का मूल्यांकन है उद्देश्य

डीजे न्यूज, धनबाद: शिक्षा मंत्रालय और एनसीईआरटी द्वारा आयोजित‌ मूलभूत शिक्षण  सर्वेक्षण के तहत धनबाद जिले के 24 विद्यालयों को चिन्हित किया गया है। इनमें सरकारी और निजी विद्यालय भी शामिल हैं। 15 विद्यालयों में हिंदी माध्यम, 6 विद्यालयों में अंग्रेजी तथा तीन विद्यालयों में उर्दू माध्यम से सर्वे होना है। सभी विद्यालयों के लिए फील्ड इन्वेस्टिगेटर का चयन कर उन्हें राज्य स्तर से प्रशिक्षित भी किया जा चुका है। मंगलवार को इन सभी फील्ड इन्वेस्टिगेटर को  सर्वेक्षण से संबंधित सभी सामग्रियां उपलब्ध कराया गया। साथ ही जिला स्तर से आवश्यक निर्देश भी दे दिया गया है।
जिला स्तर पर सर्वेक्षण कार्यक्रम की देखरेख के निष्पादन हेतु जिला स्तरीय समन्वयक के रूप में सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी अशोक कुमार पांडेय को चयनित किया गया है। कार्यक्रम के सुलभ संचालन हेतु अतिरिक्त जिला कार्यक्रम पदाधिकारी की अध्यक्षता में जिला नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है, जो 9 से 11 अप्रैल 2026 तक कार्यरत रहेगा।

क्या है मूलभूत शिक्षण सर्वेक्षण

शिक्षा मंत्रालय और एनसीईआरटी की यह एक राष्ट्रव्यापी सर्वेक्षण है। इसका उद्देश्य कक्षा 3 के छात्रों में साक्षरता (भाषा) और संख्यात्मक ज्ञान (गणित) के बुनियादी कौशल का मूल्यांकन करना है। बुनियादी शिक्षक सर्वेक्षण  निपुण भारत मिशन के तहत बच्चों के सीखने के स्तर जैसे पढ़ने की समझ, गिनती की जांच करता है।

उद्देश्य
मूलभूत शिक्षण सर्वेक्षण का उद्देश्य यह जानना है कि क्या बच्चे कक्षा 3 के अंत तक अपेक्षित बुनियादी साक्षरता तथा संख्यात्मक ज्ञान कौशल विकसित कर चुके हैं अथवा नहीं? यह सर्वे एक विद्यालय आधारित प्रदर्शन का मूल्यांकन है, जहां परीक्षा प्रशासक (फील्ड इन्वेस्टिगेटर) बच्चों से मौखिक और लिखित प्रश्न पूछते हैं ।
मूल्यांकन का क्षेत्र, भाषा, मौखिक भाषा की समझ, ध्वन्यात्मक जागरूकता, शब्द विश्लेषण और पढ़ने की प्रवाह, गणित- संख्या पहचान, तुलनात्मक संक्रियाएं ,मापन, पैटर्न और डाटा प्रबंधन का मूल्यांकन है ।
इस सर्वेक्षण के माध्यम से निपुण भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने और प्राथमिक स्तर पर सुधार के लिए डाटा प्रदान करता है। साथ ही नई शिक्षा नीति NEP 2020 के अनुरूप प्राथमिक शिक्षा में सुधार के लिए आधार रेखा (बेस लाइन) के रूप में कार्य करता है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top