



मनरेगा व आवास योजनाओं को ससमय करें पूर्ण : रामनिवास यादव

डीजे न्यूज, गिरिडीह : मनरेगा अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में संचालित “मनरेगा का विश्वास, रोजगार से विकास” अभियान को प्रभावी बनाने तथा आवास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा को लेकर जिला उपायुक्त श्री रामनिवास यादव ने समाहरणालय सभागार में संबंधित पदाधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने योजनाओं की प्रगति, लंबित कार्यों और लक्ष्य के विरुद्ध उपलब्धियों की गहन समीक्षा करते हुए वीसी से जुड़े सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मनरेगा एवं आवास योजनाओं के अंतर्गत संचालित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक लाभुकों को योजनाओं का लाभ मिल सके।
100 दिन रोजगार, ई-केवाईसी और वंचित परिवारों की पहचान पर जोर
उपायुक्त ने कहा कि “मनरेगा का विश्वास, रोजगार से विकास” अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराते हुए आधारभूत संरचना एवं स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण करना है।
उन्होंने मजदूरों को 100 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराने, सक्रिय मजदूरों का कैंप के माध्यम से ई-केवाईसी कराने तथा वंचित परिवारों को चिन्हित कर उन्हें मनरेगा योजनाओं से जोड़ने का निर्देश दिया।
गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश
उपायुक्त ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन की एक महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने कार्यों के क्रियान्वयन में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष बल देते हुए निर्देश दिया कि योजना अंतर्गत स्वीकृत कार्यों को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू किया जाए और लंबित योजनाओं का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
आवास योजनाओं में नियमित अनुश्रवण का निर्देश
बैठक में उपायुक्त ने आवास योजनाओं की समीक्षा करते हुए लाभुकों को समय पर आवास उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को लाभुकों का नियमित अनुश्रवण एवं निर्माण कार्यों की सतत निगरानी करने का निर्देश दिया ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर आवास निर्माण पूर्ण हो सके।
उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, निदेशक डीआरडीए रंथू महतों, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारी, परियोजना पदाधिकारी, सभी प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी एवं जेएसएलपीएस डीपीएम उपस्थित थे।




