मनरेगा कार्यों में लाएं तेजी : उप विकास आयुक्त 

Advertisements

मनरेगा कार्यों में लाएं तेजी : उप विकास आयुक्त 

भुगतान में लापरवाही पर होगी कार्रवाई : स्मृता कुमारी

डीजे न्यूज, गिरिडीह : उप विकास आयुक्त, स्मृता कुमारी ने मनरेगा की प्रगति एवं क्रियान्वयन की समीक्षा को लेकर सभी प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारियों (बीपीओ) के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में योजनाओं की प्रगति, लक्ष्य प्राप्ति एवं लंबित मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान उन्होंने प्रत्येक प्रखंड में स्वीकृत योजनाओं की स्थिति, मजदूरी भुगतान, जॉब कार्डधारियों की संख्या एवं अधूरे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि मनरेगा के अंतर्गत स्वीकृत सभी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए तथा मजदूरों को समय पर मजदूरी भुगतान सुनिश्चित किया जाए। भुगतान में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

उप विकास आयुक्त ने कहा कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन के साथ-साथ स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण करना है। इस दृष्टिकोण से जल संरक्षण, पौधारोपण, तालाब निर्माण, मेड़बंदी एवं अन्य जनहितकारी योजनाओं को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।

उन्होंने सभी बीपीओ को नियमित रूप से कार्यस्थलों का निरीक्षण करने और कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने को कहा। साथ ही योजनाओं का चयन ग्राम सभा की सहमति से करने तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सूचनाओं को सार्वजनिक करने का निर्देश दिया। सोशल ऑडिट एवं जियो टैगिंग की प्रक्रिया को भी समय पर पूर्ण करने पर बल दिया गया।

बैठक में निदेशक डीआरडीए, श्री रंथू महतो सहित सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। उप विकास आयुक्त ने समन्वय एवं टीमवर्क के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि मनरेगा के सफल क्रियान्वयन से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और जरूरतमंद परिवारों को रोजगार की गारंटी सुनिश्चित होगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top