
मनोज रंजन बने प्राथमिक शिक्षा निदेशक, माधवी मिश्रा को निदेशक उद्दान एवं विजया जाधव को निदेशक पर्यटन की जिम्मेवारी
झारखंड सरकार ने किए कई वरिष्ठ आइएएस अधिकारियों के तबादले, कई को सौंपा अतिरिक्त प्रभार, धनबाद के एडीएम विधि व्यवस्था पीयूष सिन्हा बने देवघर के डीडीसी
डीजे न्यूज, रांची : झारखंड सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़े पैमाने पर फेरबदल करते हुए कई भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS)अधिकारियों के तबादले और उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई है। यह आदेश प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग द्वारा राज्यपाल के निर्देश पर जारी किया गया है। मनोज रंजन प्राथमिक शिक्षा निदेशक बनाए गए हैं जबकि धनबाद की पूर्व डीसी माधवी मिश्रा को निदेशक उद्दान एवं बोकारो की पूर्व डीसी विजया जाधव को निदेशक पर्यटन की जिम्मेवारी मिली है।
वहीं धनबाद के एडीएम विधि व्यवस्था पीयूष सिन्हा देवघर के डीडीसी बनाए गए हैं।
इस तबादले में वरिष्ठ अधिकारी अमिताभ कौशल को जहां वाणिज्य-कर विभाग के सचिव के साथ-साथ अब उत्पादन एवं मद्य निषेध विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, वहीं राजेश कुमार शर्मा को आपदा प्रबंधन विभाग के साथ-साथ नागरिक सुरक्षा आयुक्त का दायित्व भी दिया गया है।
इसी तरह अर्वा राजकमल को भवन निर्माण विभाग की जिम्मेदारी के साथ खान आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार मिला है। डॉ. मंजूनाथ भजंत्री को निबंधन महानिरीक्षक के रूप में रांची स्थानांतरित किया गया है। वे इस भूमिका में भू-अर्जन, भूमि सुधार एवं राजस्व निबंधन विभाग के अधीन काम करेंगे।
रांची नगर निगम की आयुक्त श्रवणी द्विवेदी को अब नगर विकास विभाग में निदेशक, SUDA की भूमिका में भेजा गया है, जबकि अमित कुमार को रांची नगर निगम का नया आयुक्त बनाया गया है।
कुछ अधिकारियों को विशिष्ट मिशनों का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है, जैसे सैयद रियाज अहमद को लातेहार में उप विकास आयुक्त–सह–मुख्य कार्यपालक, जिला परिषद नियुक्त किया गया है।
इसके अतिरिक्त, कई अधिकारियों को वित्त, योजना, पेयजल, तकनीकी शिक्षा, समाज कल्याण, कृषि, खेल, पर्यटन, एवं ग्रामीण विकास विभागों से जोड़ते हुए अलग-अलग जिलों और विभागों में जिम्मेदारियां दी गई हैं।