



मनियाडीह में पत्थर लदे ट्रैक्टर से कुचलकर किशोर मजदूर की मौत 
पीड़ित परिवार को मैनेज कर पेड़ से गिरने से मौत होने का दिलाया गया बयान
ट्रैक्टर मालिक व पत्थर के अवैध कारोबारी घटना को मैनेज करने में लगा रहे जोर
डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद) : टुंडी प्रखंड अंतर्गत मनियाडीह में शुक्रवार को पत्थर लदे ट्रैक्टर से कुचलकर 14 वर्षीय मजदूर राहुल कोल की मौत हो गई। वह शीतलपुर (गादीटांड़) मनियाडीह निवासी सुरेश कोल का पुत्र था। बताया जा रहा है कि वह जिस ट्रैक्टर में काम कर रहा था, उसी ट्रैक्टर से हादसे का शिकार हो गया। ट्रैक्टर मालिक व पत्थर कारोबारी इस हादसे को मैनेज करने में लगे हुए हैं। किशोर की मौत को ट्रैक्टर से कुचलकर होने के बजाय पेड़ से गिरने से होने की बात स्थाापित की जा रही है। अब तक मनियाडीह पुलिस ने इस संबंध में कुछ भी कार्रवाई नहीं की है। पुलिस का कहना है कि लिखित शिकायत नहीं हुई है, इस कारण कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि यह हादसा शुक्रवार को दोपहर करीब साढ़े बारह बजे हुआ था। ट्रैक्टर पर चढ़ने के क्रम में वह गिर गया और ट्रैक्टर के चपेट में आ गया। बुरी तरह से जख्मी इस किशोर मजदूर को एसएनएमएमसीएच धनबाद ले जाया गया। जहां इलाज के क्रम में महज दो घंटे बाद उसकी मौत हो गई। इधर हादसे के बाद ही पीड़ित परिवार को मैनेज कर पेड़ से गिरने से मौत होने की बात कही गई। इधर शव को शनिवार को पोस्टमार्टम करा कर घर ले जाया गया है। एसएनएमएमसीएच व पुलिस के समक्ष पीड़ित परिजनों ने पेड़ से गिरने से मौत का बयान दर्ज कराया है जो सवालों के घेरे में है।
इस संबंध में मनियाडीह पुलिस भी चुप्पी साधे हुई है। मनियाडीह थाना पुलिस का कहना है कि अब तक किसी ने भी इस घटना की जानकारी न तो लिखित और न ही मौखिक दी है। इस कारण, थाना स्तर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इधर मनियाडीह इलाके के कुछ ग्रामीणों ने बताया कि अगर अस्पताल से लेकर पोस्टमार्टम हाउस तक सीसीटीवी फुटेज खंगाला जाए तो काफी कुछ नतीजा बाहर आ सकता है। एक गरीब परिवार के किशोर को पत्थर के अवैध कारोबार में मजदूर के रूप में लगाया गया और जब उसकी मौत हो गई तो मुआवजा देने के बजाय तंत्र को मैनेज करने का प्रयास किया जा रहा है।



