मकुन्दा में 106 वर्षों से जारी परंपरा, आज से शुरू होगा श्री श्री 108 नवरात्रि अखंड हरी कीर्तन

Advertisements

मकुन्दा में 106 वर्षों से जारी परंपरा, आज से शुरू होगा श्री श्री 108 नवरात्रि अखंड हरी कीर्तन
डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : मकुन्दा में प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री श्री 108 श्री नवरात्रि अखंड हरी कीर्तन का भव्य आयोजन किया जा रहा है। 106 वर्षों से लगातार चली आ रही इस धार्मिक परंपरा के तहत बुधवार को गंध अधिवास के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। यह अखंड हरी कीर्तन ग्रामीणों के सहयोग से आयोजित किया जाता है।
आयोजन समिति के अनुसार 5 मार्च को नाम कीर्तन तथा 8 मार्च को पाला कीर्तन का आयोजन किया गया है। पाला कीर्तन में पश्चिम बंगाल के बीरभूम से पधार रहीं प्रसिद्ध कलाकार श्रीमती मनी माला घोष अपनी प्रस्तुति देंगी। वहीं 16 मार्च, सोमवार को कुंज भंग के साथ अखंड हरी कीर्तन का विधिवत समापन होगा।
कमेटी के सदस्यों ने बताया कि यह परंपरा उनके पूर्वजों के समय से चली आ रही है। मान्यता है कि कीर्तन के आयोजन से पूरे क्षेत्र में सुख-शांति बनी रहती है और किसी प्रकार की संक्रामक बीमारी नहीं फैलती। ग्रामीण पूरे भक्ति भाव से कीर्तन में सम्मिलित होते हैं।
कीर्तन को लेकर ग्रामीणों द्वारा लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधियों के भी शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति की ओर से सभी श्रद्धालुओं और आगंतुकों का स्वागत किया जाएगा। कीर्तन के अवसर पर मेला भी लगाया जाएगा, जिससे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहेगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top