
मजदूर दिवस पर गिरिडीह में मजदूरों के बीच विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह में विश्व श्रम दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा मजदूरों के बीच विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पैनल अधिवक्ता विपिन कुमार यादव और गीतेश चंद्रा ने मजदूरों को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह मार्तंड प्रताप मिश्रा के मार्गदर्शन में हुई। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह सफदर अली नैयर ने कार्यक्रम का नेतृत्व किया।
कार्यक्रम में बताया गया कि भारतीय संविधान में मजदूरों के कल्याण के लिए कई कानूनी प्रावधान हैं, जिनमें समान कार्य समान वेतन, न्यूनतम मजदूरी अधिनियम 1948 और बेगार प्रथा का उन्मूलन शामिल है। इसके अलावा, झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार द्वारा लांच किए गए प्रोजेक्ट श्रमेव वंदते के तहत असंगठित क्षेत्रों के मजदूरों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
निबंधन और सुविधाओं का लाभ
मजदूरों को बताया गया कि वे अपना निबंधन श्रम विभाग में करवा सकते हैं और प्रखंड स्तर पर संचालित विधिक सहायता केंद्रों में जाकर पी एल भी का सहयोग ले सकते हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकार, गिरिडीह द्वारा उनके आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही करते हुए उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान कराने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन फ्रंट कार्यालय पीएलवी दिलीप कुमार ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में पारा लीगल वॉलिंटियर्स दिलीप कुमार, अशोक कुमार वर्मा, कामेश्वर कुमार, संतोष कुमार, कोनेन अहमद एवं कार्यालय सहायक ताबिश जहूर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।