महिला सशक्तिकरण समाज की प्रगति की आधारशिला : रागिनी सिंह

Advertisements

महिला सशक्तिकरण समाज की प्रगति की आधारशिला : रागिनी सिंह

डीजे न्यूज, धनबाद:अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर झरिया के जेलगोरा गेस्ट हाउस में अखिल भारतीय धारी विकास मंच द्वारा प्रतिभा सम्मान सह मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व यदु राम ने किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में झरिया की विधायक रागिनी सिंह उपस्थित हुईं।

विधायक रागिनी ने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाशाली महिलाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं को शॉल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। सम्मान प्राप्त करने वालों में शिक्षा, समाज सेवा, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

अपने संबोधन में विधायक रागिनी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस केवल एक दिन का उत्सव नहीं बल्कि महिलाओं के सम्मान, उनके अधिकारों और उनके योगदान को याद करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, राजनीति, प्रशासन, खेल, विज्ञान और व्यवसाय सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परचम लहरा रही हैं।

उन्होंने कहा कि समाज के विकास और राष्ट्र की प्रगति में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिलाओं को सम्मान और अवसर देने से ही एक सशक्त और समृद्ध समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को प्रोत्साहित करने और उनकी प्रतिभा को मंच देने के लिए इस प्रकार के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करते हैं।

विधायक रागिनी ने इस सराहनीय पहल के लिए आयोजन समिति और अखिल भारतीय धारी विकास मंच के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में प्रेरणा और जागरूकता का संदेश देते हैं तथा नई पीढ़ी को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी समाजहित में इस तरह के आयोजन करते रहने का संकल्प लिया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top