



महिला रेलकर्मियों को किया गया सम्मानित
डीजे न्यूज, धनबाद: महिला सशक्तिकरण एवं तनाव-मुक्त कार्यस्थल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रेलवे आडिटोरियम धनबाद में बुधवार को सांस्कृतिक व खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने भाग लिया। उदघाटन पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन, धनबाद मंडल की अध्यक्ष प्रिया मिश्र, उपाध्यक्ष कविता ने दीप प्रज्वलित कर किया।

स्काउट्स एंड गाइड्स के सदस्यों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी।
संगठन की अध्यक्ष प्रिया मिश्रा ने महिला सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आत्मसम्मान, सहभागिता एवं महिला कल्याण संगठन की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने तथा कार्यस्थल पर सकारात्मक एवं सहयोगात्मक वातावरण बनाने हेतु प्रेरित किया। इसके उपरांत आयोजित सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं एवं खेलकूद प्रतियोगिता में विभिन्न विभागों की महिला कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया एवं अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस अवसर पर संगठन की अध्यक्ष ने अप्रैल 2026 से मार्च 2027 के मध्य सेवानिवृत्त होने वाली 29 वरिष्ठ महिला रेलकर्मियों एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाली 13 महिला कर्मचारियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया।



