महाशिवरात्रि पर बाबाधाम में जुटेंगे लाखों श्रद्धालु, प्रशासन अलर्ट, शिव बारात मार्ग पर सख्त नियम लागू

Advertisements

महाशिवरात्रि पर बाबाधाम में जुटेंगे लाखों श्रद्धालु, प्रशासन अलर्ट, शिव बारात मार्ग पर सख्त नियम लागू

डीजे न्यूज, देवघर : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी सह अनुमंडल दंडाधिकारी रवि कुमार ने जानकारी दी कि महाशिवरात्रि के अवसर पर बाबा बैद्यनाथधाम, आसपास के क्षेत्रों एवं शिव बारात रूट लाईन में भारी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा, विधि-व्यवस्था एवं यातायात को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
इसी क्रम में देवघर अनुमंडल क्षेत्र के सभी निःशुल्क सेवा शिविर, संस्थाओं एवं एनजीओ के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें महाशिवरात्रि के सफल संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना पहचान सत्यापन किसी भी व्यक्ति को होटल में ठहराने की अनुमति नहीं होगी। शिव बारात मार्ग में पड़ने वाले घरों, होटलों की छतों, बालकनी व छज्जों पर क्षमता से अधिक भीड़ जमा नहीं होने दी जाएगी। तय दर से अधिक किराया वसूलने अथवा किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में होटल संचालकों की जवाबदेही तय होगी।
शिव बारात रूट में सभी होर्डिंग, बैनर, केबल तार एवं बिजली तारों को 20 फीट से अधिक ऊंचाई पर सुरक्षित एवं व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया गया है। वहीं सड़क पर रखी निर्माण सामग्री जैसे गिट्टी, बालू, ईंट आदि को स्वयं हटाने का आदेश दिया गया है, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आमजनों से अपील की गई है कि प्लास्टिक का प्रयोग न करें, कचरा इधर-उधर न फेंकें तथा स्वच्छता बनाए रखें। निःशुल्क सेवा शिविरों को नगरपालिका आम चुनाव-2026 के मद्देनज़र आदर्श आचार संहिता का पालन करते हुए प्रशासन से समन्वय बनाकर सेवा कार्य करने को कहा गया है।
लोकहित में यह भी अपील की गई है कि अत्यधिक भीड़ की स्थिति में छोटे बच्चों को शिव बारात मार्ग में न लाएं और संभव हो तो टीवी अथवा ऑनलाइन माध्यम से कार्यक्रम देखें। साथ ही शांति, सौहार्द एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की साम्प्रदायिक या आपत्तिजनक नारेबाजी से दूर रहने की अपील की गई है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top