महाराष्ट्र से आया प्रवासी मजदूर का शव, मुआवजा नहीं मिलने पर एंबुलेंस व ठेकेदार को बनाया बंधक

Advertisements

महाराष्ट्र से आया प्रवासी मजदूर का शव, मुआवजा नहीं मिलने पर एंबुलेंस व ठेकेदार को बनाया बंधक

डीजे न्यूज, हजारीबाग : हजारीबाग जिले के बिशनुगढ़ प्रखंड के गोविंदपुर पंचायत अंतर्गत चितरामो गांव निवासी सह प्रवासी मजदूर कारू सिंह (50) का शव रविवार सुबह महाराष्ट्र के कोल्हापुर से एंबुलेंस द्वारा उनके पैतृक गांव लाया गया। शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक के शव के साथ ठेका कंपनी द्वारा उचित मुआवजा राशि नहीं भेजे जाने पर परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने एंबुलेंस एवं ठेकेदार को बंधक बनाकर वाहन को वापस गुजरात लौटने से रोक दिया। बताया गया कि कंपनी के मालिक की ओर से न तो किसी प्रकार की सहयोग राशि भेजी गई थी और न ही मृतक का बकाया वेतन ही दिया गया था।

करीब 24 घंटे तक चले इस गतिरोध के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों के हस्तक्षेप से मामला सुलझा। जेएलकेएम जिलाध्यक्ष सह उपप्रमुख सरयू साव ने बताया कि ग्रामीणों के दबाव के बाद कंपनी द्वारा मृतक की पत्नी के बैंक खाते में 16 लाख रुपये मुआवजा के रूप में भेजे गए। इसके बाद आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर एंबुलेंस और चालकों को मुक्त कर दिया गया।

उन्होंने यह भी कहा कि श्रम विभाग की ओर से मिलने वाली अन्य मुआवजा राशि दिलाने में हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

कंपनी के साथ हुई वार्ता के दौरान जेएलकेएम जिलाध्यक्ष सह उप प्रमुख सरयू साव, समाजसेवी सिकन्दर अली, पूर्व जिला परिषद सदस्य जयप्रकाश पटेल सहित कई लोग उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top