महागठबंधन की बैठक में बलियापुर की घटना को बताया दुर्भाग्यपूर्ण कमर में रस्सी बांधकर सार्वजनिक रूप से परेड कराना निंदनीय: ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह उच्च न्यायालय के आदेश की उड़ाई धज्जियां

Advertisements

महागठबंधन की बैठक में बलियापुर की घटना को बताया दुर्भाग्यपूर्ण

कमर में रस्सी बांधकर सार्वजनिक रूप से परेड कराना निंदनीय: ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह

उच्च न्यायालय के आदेश की उड़ाई धज्जियां

डीजे न्यूज, धनबाद: बीते दिनों बलियापुर थाना क्षेत्र के भीखराजपुर में घटित घटना को लेकर रविवार को इंडिया महागठबंधन की बैठक सर्किट हाउस में हुई। बैठक में महागठबंधन के कांग्रेस, राजद, सीपीआई सहित घटक दल के अन्य नेता उपस्थित रहे। वक्ताओं ने उक्त घटना को निंदनीय एवं दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष ब्रजेन्द्र प्रसाद सिंह ने कहा की भिखराजपुर में रामनवमी के दिन दो पक्षों के बीच हुई पत्थरबाजी एवं टकराव की घटना दुर्भाग्यपूर्ण एवं निंदनीय है। उन्होंने कहा कि घटना के दो दिन पहले हुई शांति समिति की बैठक में  शांतिपूर्ण एवं सौहार्द तरीके से त्योहार को मनाने का आह्वान किया था।
इसके बावजूद इस तरह का घटना घटित हो जाना जिला प्रशासन एवं बलियापुर प्रशासन के लिए प्रश्न चिन्ह है। इससे स्पष्ट प्रतीत होता है कि घटना को रोकने में बलियापुर प्रशासन असफल रही है। उन्होंने बलियापुर प्रशासन पर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग करते हुए  कहा कि पुलिस प्रशासन से कहीं ना कहीं चूक हुई है।

रस्सी बांधकर घुमाना निंदनीय

ब्रजेंद्र सिंह ने कहा कि मामले में संलिप्त लोगों को पकड़कर कमर में रस्सी बांधकर बाजार में सार्वजनिक रूप से घूमाना निंदनीय है। उच्चतम न्यायालय का आदेश है कि किसी भी अभियुक्त को कमर में रस्सा लगाकर प्रशासन सार्वजनिक रूप से घूमा नहीं सकती हैं।  जिला प्रशासन ने इस तरह की कार्रवाई कर कानून की धज्जियां उड़ाई है।

सर्वदलीय बैठक की उठाई आवाज
बैठक के दौरान ब्रजेंद्र सिंह ने बलियापुर में सर्वदलीय बैठक आहुत करने की मांग उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक से की। उन्होंने कहा कि इससे लोगों के बीच सद्भावना एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण का निर्माण होगा।
कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता सह पूर्व मेयर प्रत्याशी शमशेर आलम ने बलियापुर की घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि जिला प्रशासन एवं बलियापुर प्रशासन यदि चौकस रहती एवं जुलूस के साथ-साथ चलती तो शायद इस तरह की घटना नहीं घटती। इस तरह की घटना से प्रशासन की निष्क्रियता झलकती है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि इस घटना को रोकने में असफल रहे बलियापुर प्रशासन पर अविलंब कार्रवाई करें।
राजद के जिला अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप यादव ने कहा कि इस घटना को रोकने में जिला प्रशासन नाकाम रही है। उक्त घटना में निर्दोषों पर कार्रवाई नहीं होनी चाहिए और निश्चित रूप से घटना में संलिप्त दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि लोगों का प्रशासन के प्रति विश्वास बना रहें।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुख्तार खान एवं अब्दुल करीम अंसारी ने भी उक्त घटना की कड़े शब्दों में निंदा की है।

बैठक में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष ब्रजेंद्र प्रसाद सिंह, झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता सह पूर्व मेयर प्रत्याशी शमशेर आलम, राजद के जिला अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप यादव, मुख्तार खान, अब्दुल करीम अंसारी, जहीर अंसारी, पप्पू कुमार तिवारी, मुमताज कुरैशी, गणेश यादव, मनोज यादव, जियाउल हुसैन, मिथिलेश यादव, हलीम अंसारी, मुख्तार अली, विशाल यादव सहित दर्जनों नेता उपस्थित थे।

 

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top