




मेयर व वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण कल, तैयारियां पूरी
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद नगर निगम और चिरकुंडा नगर परिषद के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का शपथ ग्रहण समारोह कल यानी 18 मार्च को आयोजित किया जाएगा। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने जानकारी दी है कि कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
उपायुक्त ने बताया कि धनबाद नगर निगम के महापौर और वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण सुबह 10 बजे समाहरणालय के प्रथम तल स्थित सभाकक्ष में होगा। वहीं चिरकुंडा नगर परिषद के अध्यक्ष और वार्ड पार्षदों का कार्यक्रम समाहरणालय के तृतीय तल के कक्ष संख्या 314 में आयोजित किया जाएगा।
शपथ ग्रहण के बाद उप महापौर और उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू होगी। नामांकन 11:30 बजे से 12:30 बजे तक लिया जाएगा, इसके बाद स्क्रूटनी, वैध उम्मीदवारों की सूची और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। दोपहर 2:15 बजे से 3 बजे तक मतदान होगा, जबकि 3 बजे से मतगणना कर 3:30 बजे तक परिणाम घोषित किए जाएंगे।
इसके बाद नवनिर्वाचित उप महापौर और उपाध्यक्ष को शपथ दिलाई जाएगी। प्रशासन ने पूरे कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर दी हैं।



