




मेयर संजीव ने विभिन्न तालाबों का किया निरीक्षण
चैती छठ पूजा की तैयारियों का लिया जायजा, राजेंद्र सरोवर में सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर
डीजे न्यूज, धनबाद: चैती छठ पूजा को लेकर मेयर संजीव सिंह ने सोमवार को धनबाद नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न तालाबों एवं छठ घाटों की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कार्यों की स्थिति का विस्तार से अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में मेयर संजीव सिंह विशेष रूप से राजेंद्र सरोवर (बेकार बांध) छठ घाट पहुंचे, जहां उन्होंने घाट परिसर की स्वच्छता व्यवस्था, सीढ़ियों की मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग एवं जल की गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान घाट के सौंदर्यीकरण को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाट परिसर को साफ-सुथरा, सुरक्षित एवं आकर्षक बनाने के लिए सभी आवश्यक कार्य समय पर पूर्ण किए जाएं, ताकि चैती छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
मेयर ने कहा कि चैती छठ पूजा आस्था और श्रद्धा का महत्वपूर्ण पर्व है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में नगर निगम की जिम्मेदारी है कि सभी घाटों पर बेहतर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, पेयजल, शौचालय एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी छठ घाटों पर नियमित रूप से सफाई अभियान चलाया जाए तथा गंदगी या जलजमाव की समस्या को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए।
निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद अशोक पाल एवं मनोरंजन सिंह भी मौजूद रहे। इस अवसर पर दोनों पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्रों के छठ घाटों से संबंधित समस्याओं एवं आवश्यकताओं से मेयर को अवगत कराया। मेयर ने आश्वासन दिया कि सभी घाटों को चैती छठ पूजा से पूर्व पूरी तरह तैयार कर लिया जाएगा और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस दौरान नगर निगम के संबंधित अधिकारी एवं कर्मी भी उपस्थित रहे।



